एक्ट्रेस आंचल सिंह ने हाल ही में अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड और निवेश बैंकर मोहित चावला से शादी कर ली. शुक्रवार को एक्ट्रेस ने इस खूबसूरत पल की तस्वीरें शेयर कीं. इन तस्वीरों के साथ उन्होंने एक खास नोट भी लिखा, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया. आइए जानते हैं आखिर आंचल सिंह ने अपनी शादी और नई शुरुआत को लेकर क्या कहा.
आंचल सिंह ने शेयर की शादी की तस्वीरें
आंचल सिंह ने अपने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं. अपनी इस पोस्ट के जरिए एक्ट्रेस ने अपने मन के विचार शेयर करते हुए बताया कि शादी का मतलब अपना घर छोड़ना नहीं, बल्कि जीवन में नए रिश्तों और प्यार को जगह देना होता है. इसकी असली खूबसूरती इस बात में है कि आपके जीवन में प्यार करने वाले और लोग जुड़ जाते हैं.
ये भी पढे़ं: युवा सड़कों पर, स्टार्स अपने स्वैग में, ट्रोल्स बोले— ‘सिर्फ अपने मतलब के लिए जागता है बॉलीवुड’ (24-07-2026)
‘तुम’ और ‘मैं’ से ‘हम’ तक का सफर
आंचल सिंह ने लिखा, ‘तुम’ और ‘मैं’ से ‘हम’ तक… हमेशा के लिए.’ उन्होंने कहा कि कुछ पल ऐसे होते हैं, जिन्हें शब्दों में बताना आसान नहीं होता. शादी की रस्मों के दौरान एक-दूसरे को प्यार से देखना, एक मुस्कान, साथ में भगवान से दुआ करना और मांग में सिंदूर भरने का पल हमेशा याद रहता है. इन पलों को याद करते हुए उन्हें हमेशा यही लगता है कि शादी के बाद बेटी अपने मायके से दूर नहीं हो जाती. वे अपने पहले घर को हमेशा दिल में रखती है और साथ ही नए घर और नए परिवार का भी हिस्सा बन जाती है.
शादी का मतलब अपना घर छोड़ना नहीं
उन्होंने कहा कि शादी के बाद इंसान की दुनिया धीरे-धीरे और बड़ी हो जाती है. उसके जीवन में प्यार करने वाले लोगों की संख्या बढ़ती है. आशीर्वाद बढ़ते हैं और उसे एक नया परिवार भी अपना कहने का सौभाग्य मिलता है. उन्होंने लिखा, ‘शायद यही शादी की सबसे खूबसूरत बात है. ये किसी अपने को छोड़ने की नहीं या किसी और का हो जाने की बात नहीं है, बल्कि उस पल की शुरुआत है, जब आपकी दुनिया और बड़ी हो जाती है, जहां प्यार करने वाले लोग बढ़ जाते हैं, दुआएं और आशीर्वाद बढ़ जाते हैं और आपको एक नया परिवार भी अपना कहने का सौभाग्य मिलता है.’
ये भी पढे़ं: अर्चना पूरन सिंह का होने वाली बहुओं संग है ऐसा रिश्ता, कहा- ‘अब मेरी दो बेटियां भी हैं’
परिवार और नई यादों के नाम खास संदेश
उन्होंने लिखा, ‘हम दोनों, परिवारों और उन सभी परंपराओं के लिए है, जिन्होंने हमें यहां तक पहुंचाया. उन सभी आशीर्वादों के लिए है, जो हमारे साथ हैं और उन सभी खूबसूरत यादों के लिए है, जो अभी बननी बाकी हैं. हमेशा के लिए.’
