भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का एलान कर दिया है. इस सीरीज के लिए भारत के 9 स्टार खिलाड़ी उपलब्ध नहीं थे. ऐसे में कई हैरान करने वाले नाम चुने गए हैं. बीसीसीआई ने पहली बार नमन धीर और आकिब नबी डार को वनडे टीम में शामिल किया है.
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए केएल राहुल को भारतीय टीम का उपकप्तान बनाया गया है, क्योंकि श्रेयस अय्यर इस सीरीज के लिए उलब्ध नहीं हैं. वह 2026 एशियन गेम्स में बिजी रहेंगे, जहां वह भारतीय टीम के कप्तान हैं.
बता दें कि इसी महीने वेस्टइंडीज की टीम तीन मैचों की वनडे सीरीज और पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलने भारत दौरे पर आएगी. वनडे सीरीज की शुरुआत 27 सितंबर से होगी. पहला वनडे मैच 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में, दूसरा वनडे मैच 30 सितंबर को गुवाहाटी में और तीसरा व अंतिम वनडे मैच 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में खेला जाएगा.
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चार तेज गेंदबाजों को चुना गया है, जिसमें प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज और आकिब नबी डार शामिल हैं. वहीं कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा के रूप में दो स्पिनर्स हैं. रिजर्व विकेटकीपर के तौर पर ध्रुव जुरेल का सिलेक्शन हुआ है. वहीं एशियन गेम्स के लिए टी20 टीम का हिस्सा रहने वाले नितीश कुमार रेड्डी को भी वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया है.
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम- शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़, ध्रुव जुरेल (रिजर्व विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी डार, यशस्वी जायसवाल और नमन धीर
यह भी पढ़ें-
चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारत आने से मना कर रहा पाकिस्तान, कर दी ये मांग
