पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए एक बार फिर परीक्षा की घड़ी आ गई है. बंगाल की दो विधानसभा सीटों नंदीग्राम और रेजीनगर में मंगलवार (6 अक्टूबर) को उपचुनाव हो रहा है. यह चुनाव तृणमूल कांग्रेस के लिए साख बचाने के लिए अच्छा मौका होगा. टीएमसी को भारतीय जनता पार्टी से कड़ी टक्कर मिल सकती है. वहीं तमिलनाडु की भी दो सीटों पर उपचुनाव हो रहा है. जबकि असम की नगांव लोकसभा सीट पर बाय इलेक्शन हो रहा है. वहीं पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधानसभा सीट पर भी उपुचनाव हो रहा है.
नंदीग्राम और रेजीनगर में होने वाला मतदान महज दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव नहीं है. बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत कर सत्ता में आई भाजपा के लिए भी यह पहली चुनावी परीक्षा होगी. साथ ही, इन उपचुनावों से यह भी संकेत मिलने की उम्मीद है कि बिखरे हुए विपक्ष में कौन-सी पार्टी भाजपा के सामने प्रमुख चुनौती के रूप में उभर सकती है.
क्यों अहम होगी नंदीग्राम की लड़ाई
नंदीग्राम का चुनाव राजनीतिक रूप से काफी अहम होगा. नंदीग्राम वह क्षेत्र है, जो ममता बनर्जी के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन का केंद्र रहा था. इस आंदोलन ने 2011 में तृणमूल के सत्ता में आने का रास्ता तैयार करने में अहम भूमिका निभाई थी. 2021 में भाजपा के शुभेंदु अधिकारी ने इसी सीट पर बनर्जी को हराया था. शुभेंदु अधिकारी ने 2026 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीत हासिल की थी और मुख्यमंत्री बनने के बाद भवानीपुर सीट बरकरार रखी, जिसके कारण नंदीग्राम में उपचुनाव की जरूरत पड़ी.
तमिलनाडु की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव
तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम सीट पर उपचुनाव हो रहा है. मदुरंतकम से डीएमके ने पूर्व विधायक आई. परंथमेन को चुनावी मैदान में उतारा है. जबकि मुख्यमंत्री विजय की पार्टी टीवीके ने के. मरगथम कुमारवेल को टिकट दिया है. सीपीएम ने सुगंधी पर दांव खेला है.
धारापुरम सीट एआईएडीएमके के पी. सत्यबामा के इस्तीफे के बाद खाली हुई. इसी वजह से यहां उपचुनाव हो रहा है. सत्यबामा इस्तीफे के बाद टीवीके में शामिल हो गईं. डीएमके ने यहां से एस. सुगन्या को टिकट दिया है. जबकि सीपीआई ने पी. लक्ष्मणन को प्रत्याशी बनाया है.
असम की लोकसभा सीट पर उपचुनाव
असम की नगांव लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव होगा. इस सीट पर बीजेपी ने पूर्व आईएएस अधिकारी देबाशीष अधिकारी को मैदान में उतारा है. वहीं कांग्रेस की ओर से पूर्व विधायक सिबामोनी बोरा मैदान में हैं. मोहम्मद बदरुद्दीन एआईडीयूएफ की तरफ से चुनाव लड़ेंगे. 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर प्रद्युत बोरदोलोई ने जीत हासिल की थी. लेकिन वे भाजपा में शामिल हो गए और विधानसभा चुनाव में दिसपुर से जीत गए. इसी वजह से नगांव में उपचुनाव हो रहा है.
पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधानसभा पर उपचुनाव
पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधानसभा पर भी उपचुनाव हो रहा है. मुख्यमंत्री और ऑल INRC के संस्थापक एन. रंगासामी ने थट्टानचावडी सीट से इस्तीफा दे दिया था. कांग्रेस ने ई. विनयगम को मैदान में उतारा है. वहीं सत्तारूढ़ पार्टी और उसके नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से अशोक आनंद पर दांव लगाया गया है. अशोक आनंद ऑल इंडिया एन आर कांग्रेस की तरफ से लड़ रहे हैं. डीएमके के उम्मीदवार के सेधु सेल्वम हैं. सीपीआई के उम्मीदवार एमए सलीम हैं.
