Chhath Puja 2026: लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा अपनी कठिन तपस्या, स्वच्छता और पवित्रता के लिए जाना जाता है. चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में सूर्य देव और छठी मैया को अर्पित किए जाने वाले प्रसाद का विशेष महत्व होता है. खरना की खीर हो या फिर महाप्रसाद ठेकुआ, इन्हें तैयार करने के लिए आम रसोई के रोजमर्रा वाले बर्तनों का इस्तेमाल नहीं किया जाता है.
धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं के अनुसार, छठ का प्रसाद बनाने और रखने के लिए विशेष रूप से मिट्टी, पीतल, कांसा और बांस से बने बर्तनों का ही उपयोग किया जाता है. इसके पीछे गहरा धार्मिक, पारंपरिक और वैज्ञानिक कारण छिपा है.
मिट्टी के नए बर्तन और चूल्हे का महत्व
छठ पूजा के दौरान खरना का प्रसाद यानी गुड़ और चावल की खीर बनाने के लिए मिट्टी के नए बर्तन और मिट्टी के ही नए चूल्हे का इस्तेमाल किया जाता है. इसके पीछे सबसे बड़ा कारण शुद्धता और पवित्रता है. रोजमर्रा की रसोई के बर्तनों और गैस चूल्हे पर सामान्य दिनों में प्याज, लहसुन या अन्य तामसिक भोजन पकाया जाता है, जिससे वे पूजा के लिहाज से अशुद्ध माने जाते हैं. इसके अलावा मिट्टी को धरती माता और प्रकृति का स्वरूप माना जाता है. मिट्टी के बर्तन में बने प्रसाद की शुद्धता और प्राकृतिक स्वाद बरकरार रहता है, जो प्रकृति के प्रति आभार जताने का माध्यम भी है.
पीतल और कांसे के बर्तन क्यों माने जाते हैं शुभ
प्रसाद बनाने और अर्घ्य देने की तैयारी में पीतल और कांसे के बर्तनों का सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता है. हिंदू धर्म में पीतल को सबसे शुद्ध और सात्विक धातुओं में से एक माना गया है. धार्मिक पहलू के अनुसार, पीतल और कांसे का रंग पीला होता है, जो भगवान सूर्य का प्रिय रंग माना जाता है. सूर्य देव की आराधना में पीले रंग की वस्तुओं का उपयोग बेहद शुभ फलदायी होता है. इसके साथ ही वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी पीतल में जीवाणुरोधी गुण पाए जाते हैं, जिससे इसमें रखा भोजन या जल लंबे समय तक शुद्ध बना रहता है.
बांस के सूप और दउरा की परंपरा
प्रसाद तैयार होने के बाद उसे सजाने और घाट तक ले जाने के लिए बांस से बने सूप और दउरा का उपयोग अनिवार्य माना जाता है. बांस को हिंदू परंपरा में बेहद पवित्र और वंश वृद्धि का प्रतीक माना गया है. सूप में ठेकुआ, नारियल, गन्ना और मौसमी फल सजाकर सूर्य देव को अर्घ्य दिया जाता है. बांस पूरी तरह से प्राकृतिक और पर्यावरण के अनुकूल होता है, जो छठ पर्व के प्रकृति प्रेम के संदेश को दर्शाता है.
यह भी पढ़ें: Ivanka Trump Fitness Routine: 45 की उम्र में भी हॉलीवुड हसीनाओं को टक्कर दे रहीं ट्रंप की बेटी, जानें डेली रुटीन
किन बर्तनों से बनाई जाती है दूरी
छठ महापर्व में लोहे, स्टील, एल्युमिनियम या प्लास्टिक के बर्तनों में प्रसाद बनाने से पूरी तरह परहेज किया जाता है. खासकर एल्युमिनियम और लोहे को पूजा-पाठ और शुद्धता के नियमों के अनुकूल नहीं माना जाता है. व्रती महिलाएं हर साल छठ के लिए अलग से पीतल या मिट्टी के नए बर्तन खरीदती हैं और पूजा समाप्त होने के बाद धातु के इन बर्तनों को बेहद संभालकर अगले वर्ष के लिए रख दिया जाता है.
यह भी पढ़ें: Thekua Recipe: छठ पूजा में क्यों बनाया जाता है ठेकुआ? जानिए पारंपरिक रेसिपी और महत्व
