Headlines

Deepam Controversy: जिस मंदिर में दीप जलाने पर मचा है बवाल, वहां भगवान कार्तिकेय का किससे हुआ था विवाह?


Deepam Controversy: तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंड्रम की पहाड़ी पर दीप जलाने को लेकर विवाद है. लेकिन इस स्थान का पौराणिक महत्व बहुत कम लोग जानते हैं. भगवान शिव और माता पार्वती के पुत्र कार्तिकेय के जीवन की एक महत्वपूर्ण घटना इस स्थान से जुड़ी है. धार्मिक मान्यता है कि यहीं भगवान कार्तिकेय का विवाह देवराज इंद्र की पुत्री देवसेना से हुआ था.

दीपम विवाद क्या है?

सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर 2026 को तिरुपरंकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून नामक पत्थर के स्तंभ पर 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम जलाने की एक बार के लिए अनुमति दी थी. हालांकि, दीपक विवादित स्तंभ की बजाय उच्ची पिल्लैयार मंदिर के पास परंपरागत स्थान पर जलाया गया.

25 नवंबर को मदुरै के जिलाधिकारी ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगी. इसके बाद से यह मामला फिर चर्चा में है. इसी पहाड़ी पर अरुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी मंदिर और सिकंदर बादशाह की दरगाह भी स्थित है.

भगवान कार्तिकेय का यहां क्यों हुआ था विवाह?

पौराणिक कथा के अनुसार, सूरपद्म नामक असुर के अत्याचारों से देवता परेशान थे. भगवान कार्तिकेय ने तिरुचेंदूर में सूरपद्म को पराजित कर देवताओं को उसके अत्याचारों से मुक्त कराया.

इस विजय के बाद भगवान कार्तिकेय तिरुपरंकुंड्रम पहुंचे. देवराज इंद्र ने प्रसन्न होकर अपनी पुत्री देवसेना का विवाह भगवान कार्तिकेय से करने का प्रस्ताव रखा. भगवान कार्तिकेय ने इसे स्वीकार कर लिया.

मान्यता है कि भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान विष्णु, ब्रह्मा और अन्य देवी-देवताओं की उपस्थिति में इसी स्थान पर दोनों का विवाह संपन्न हुआ था. तमिल परंपरा में देवसेना को देवयानी (Deivayanai) के नाम से भी जाना जाता है.

यहां विवाह के जोड़े में दर्शन देते हैं भगवान कार्तिकेय

दक्षिण भारत में भगवान कार्तिकेय को मुरुगन, स्कंद और सुब्रमण्य स्वामी के नाम से पूजा जाता है. तमिलनाडु में भगवान मुरुगन के छह प्रमुख धाम हैं, जिन्हें ‘आरुपडै वीडु’ कहा जाता है. तिरुपरंकुंड्रम इनमें पहला धाम माना जाता है.

मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, यहां भगवान कार्तिकेय देवी देवसेना के साथ विवाह के स्वरूप में विराजमान हैं. गर्भगृह में उन देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी हैं, जिनके विवाह समारोह में शामिल होने की मान्यता है.

मंदिर में दर्शन करने से दूर होती हैं विवाह की बाधाएं

इस मंदिर का निर्माण पहाड़ की चट्टानों को काटकर किया गया है. पांड्य और नायक राजाओं के शासनकाल में मंदिर का विकास हुआ. प्राचीन तमिल साहित्य में भी इस तीर्थस्थल का उल्लेख मिलता है.

भगवान कार्तिकेय और देवसेना का विवाह स्थल होने के कारण अविवाहित लोगों के बीच इस मंदिर की विशेष मान्यता है. माना जाता है कि यहां दर्शन और पूजा करने से विवाह में आ रही बाधाएं दूर होती हैं. संतान प्राप्ति की कामना से भी श्रद्धालु यहां आते हैं.

Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *