Headlines

‘पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर लगेगा चेतावनी लेबल, पढ़ने में आसानी हो…’ SC का बड़ा फैसला


पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में नमक, चीनी और सैचुरेटेड फैट की अधिक मात्रा को लेकर अब ग्राहकों को पैकेट पर ही चेतावनी दी जाएगी. सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) से चेतावनी लेबल के नियम तैयार करने को कहा है. कोर्ट ने साफ किया है कि खाद्य पदार्थों में मौजूद कुल शुगर और सैचुरेटेड फैट को चेतावनी के लिए आधार बनाया जाए, न कि सिर्फ अलग से मिलाई गई चीनी और फैट को.

जस्टिस जे बी पारडीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने कहा कि नमक, कुल शुगर और सैचुरेटेड फैट की अधिकतम सीमा नए सिरे से तय की जाए. चेतावनी के लिए निर्धारित सीमा न तो इतनी कम हो कि हर खाद्य पदार्थ के पैकेट पर चेतावनी छपने लगे और न ही इतनी ज्यादा कि स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह मात्रा भी इसके दायरे से बाहर रह जाए.

कोर्ट ने निर्देश दिया कि पैकेट के मुख्य हिस्से पर तीन अलग-अलग षट्कोण (हेक्सागोन) बनाए जाएं. इनमें क्रमशः ‘High Fat’, ‘High Sugar’ और ‘High Salt’ लिखा हो. हर हेक्सागोन पैकेट के मुख्य डिस्प्ले क्षेत्र का कम से कम 4 से 5 प्रतिशत हिस्सा घेरे. इसके भीतर लिखे शब्दों का फॉन्ट इतना बड़ा और स्पष्ट होना चाहिए कि ग्राहक आसानी से पढ़ सकें.

नियमों को जल्द अधिसूचित करें- सुप्रीम कोर्ट

बेंच ने बच्चों और आम लोगों को पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में मौजूद पोषक तत्वों और उनके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों के प्रति जागरूक करने की जरूरत पर भी जोर दिया.

सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को इन निर्देशों के आधार पर ड्राफ्ट नियम तैयार करने और संबंधित पक्षों से सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित करने को कहा है. साथ ही नियमों को जल्द से जल्द अंतिम रूप देकर अधिसूचित करने का भी निर्देश दिया है. मामले में 10 सप्ताह बाद अगली सुनवाई होगी. उस दिन कोर्ट इस बात की जानकारी लेगा कि ड्राफ्ट नियम तैयार हो गए हैं या नहीं.

क्या है मामला?

यह मामला फ्रंट ऑफ पैकेट वार्निंग लेबल (FOPL) लागू करने से जुड़ा है. ‘3S एंड आवर हेल्थ सोसाइटी’ नाम की संस्था ने याचिका दाखिल कर पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में नमक, चीनी और फैट की अधिक मात्रा के बारे में ग्राहकों को स्पष्ट चेतावनी देने की मांग की थी. सुप्रीम कोर्ट ने इस व्यवस्था को लागू करने में ढिलाई पर पहले भी FSSAI को कड़ी फटकार लगाई थी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *