केंद्र की ओर से संसद का सत्र दोबारा बुलाने की घोषणा के बाद शुक्रवार को कांग्रेस के संसदीय रणनीति समूह की बैठक बुलाई गई है. सोनिया गांधी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में विशेष रणनीति पर चर्चा की जाएगी.
इससे पहले, केंद्र सरकार ने जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा और राज्यसभा की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है. सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष से 30 नवंबर (सोमवार) और राज्यसभा के सभापति से 2 दिसंबर (बुधवार) को सदन की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है.
सरकार के मुताबिक, दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर को समाप्त हो सकती है. हालांकि, यह कार्यक्रम सदन के कामकाज की जरूरतों पर निर्भर करेगा. लेकिन इस संसद सत्र में खास तौर पर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के प्रस्तावित परिसीमन बिल को दोबारा लाने की संभावना है.
परिसीमन पर सबकी नजर
इस बीच सबकी नजर इस बात पर है कि क्या सरकार परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक को पेश करेगी. हालांकि, इस महत्वपूर्ण संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए जरूरी संख्या जुटाना सरकार के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है.वर्तमान 543 सदस्यीय लोकसभा में इस विधेयक को पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत यानी 361 सदस्यों के समर्थन की आवश्यकता होगी. तीन सीट रिक्त होने के कारण लोकसभा में फिलहाल 540 सदस्य हैं.
सरकार ने की है समर्थन के लिए तैयारी
सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के पास 320 सदस्य हैं और दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा पार करने के लिए उसे विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत होगी. अप्रैल में लोकसभा में विधेयक के गिर जाने के बाद से राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं और 26 सांसद विपक्षी खेमे से अलग हो गए हैं. तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने पार्टी से अलग होकर नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में विलय कर लिया और NDA को समर्थन देने का भरोसा दिया.
वहीं, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के छह सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए. इन घटनाक्रमों से सरकार की स्थिति मजबूत हुई है, लेकिन इसके बावजूद उसे अतिरिक्त समर्थन की जरूरत होगी.
विशेष नहीं बल्कि दोबारा शुरू होगा सत्र
इससे पहले दोनों सदनों की बैठक 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के 103 दिन बाद भी सत्रावसान की घोषणा नहीं की गई थी. लेकिन संसदीय कार्यमंत्री की मंत्री की घोषणा ने राजनीतिक माहौल गरम कर दिया है. विपक्षी दलों ने कहा था कि मानसून सत्र स्थगित हुए 100 से अधिक दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक सदन का सत्रावसान नहीं किया गया है. इस देरी से संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने की अटकलें तेज थीं.
