आरके आश्रम मेट्रो स्टेशन के पास मेट्रो पिलर नंबर 24 के सामने स्थित एक अंध विद्यालय में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां माधो राम नाम के व्यक्ति की गला रेतकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि माधो राम भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से रिटायर्ड कर्मचारी थे. घटना के बाद से इलाके और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया है और सब घटना को लेकर घबराए हुए हैं.
पुलिस को PCR कॉल के जरिए मिली हत्या की सूचना
मामले में दिल्ली पुलिस को आज शाम करीब 05:36 बजे मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन में एक PCR कॉल मिली, जिसमें सूचना दी गई कि दिल्ली के अंध विद्यालय के पास एक व्यक्ति को चाकू मार दिया गया है. कॉल करने वाले ने पुलिस बताया कि घायल उसका चाचा है. सूचना मिलते ही SHO अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने माधो राम नामक व्यक्ति को उनके घर की पहली मंजिल पर एक कमरे में चाकू के घावों के साथ पड़ा पाया.
RBI के रिटायर्ड MTS कर्मचारी था मृतक
घायल को तुरंत डी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद क्राइम टीम ने मौके का पहुंच कर जांच कि और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है. मृतक RBI के रिटायर्ड MTS कर्मचारी थे और उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
चैन और पैसे लूटने के लिए वारदात को दिया गया अंजाम
परिवार का आरोप है कि पीछे रहने वाले जाजू नाम के शख्स ने चैन और पैसे लूटने के लिए यह वारदात की. माधो राम की पत्नी ऊषा ने बताया कि वह सीमापुरी में किसी पारिवारिक फंक्शन जा रही थी, उस वक्त जाजू उनके घर ही बैठा था. उसी दौरान जाजू ने उनसे पानी भी मांगा था और फिर उनके जाने के बाद में उनके पति का गला काट दिया. छोटी बेटी शिवानी ने कहा कि वो अपने घर में ग्राउंड फ्लोर पर नीचे लेटी थी, जब मामले का पता चला तो वे ऊपर गई, तो उसने अपने पिता को खून से लथपथ देखा. परिवार न्याय की मांग कर रहा है.
