Headlines

‘Don’t Go. Bomb Hai, Please’… इंडिगो फ्लाइट में मिला धमकी भरा नोट, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट


बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अहमदाबाद जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान में बम होने की झूठी सूचना मिलने से शुक्रवार को हड़कंप मच गया. विमान के टॉयलेट में एक हाथ से लिखा धमकी भरा नोट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत विमान को खाली कराया और करीब दो घंटे तक गहन तलाशी अभियान चलाया. जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने के बाद उड़ान को रवाना करने की अनुमति दे दी गई. मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

टॉयलेट में मिला धमकी भरा नोट

पुलिस के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E-6423 को 16 जुलाई की रात 8 बजे बेंगलुरु से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरनी थी. उड़ान से पहले शाम करीब 7:35 बजे चालक दल के एक सदस्य को विमान के अगले शौचालय में एक पर्ची मिली. उस पर हाथ से लिखा था, “Don’t Go. Bomb Hai, Please.” नोट मिलते ही विमान में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

दो घंटे तक चली सघन जांच

धमकी मिलने के बाद विमानन सुरक्षा से जुड़े मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) के तहत तुरंत कार्रवाई की गई. सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान की करीब दो घंटे से अधिक समय तक गहन तलाशी ली. जांच के दौरान विमान में कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. इसके बाद अधिकारियों ने इस धमकी को अफवाह माना और विमान को उड़ान भरने की अनुमति दे दी.

इंडिगो ने दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद इंडिगो एयरलाइन ने केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (KIAL) पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. एयरलाइन ने कहा कि झूठी धमकी की वजह से उड़ान संचालन प्रभावित हुआ और यात्रियों, चालक दल तथा विमान की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हुई. कंपनी ने धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

यह भी पढ़ें : कच्चे तेल की कीमत बढ़ने के बाद केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, डीजल और ATF पर बढ़ाया विंडफॉल टैक्स

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने एयरलाइन की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है. अधिकारियों का कहना है कि नोट किसने लिखा और उसका उद्देश्य क्या था, इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है. एयरपोर्ट परिसर के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके.

 

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *