ईद-उल-अजहा यानी बकरीद के दिन परीक्षा आयोजित किए जाने पर विवाद के बीच दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) ने एग्जाम डेट आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया है. दिल्ली यूनिवर्सिटी ने मंगलवार (26 मई, 2026) को हाईकोर्ट में कहा कि जो छात्र बकरीद मनाना चाहते हैं, वे डीन को सूचित करें, जिसके बाद परीक्षा की तारीख 4 जुलाई को रिशिड्यूल कर दी जाएगी.
दिल्ली विश्वविद्यालय के कुछ शिक्षकों और छात्रों ने ईद-उल-अजहा के दिन यानी 28 मई को परीक्षा आयोजित किए जाने के फैसले को चुनौती दी थी. उन्होंने मांग की थी कि 28 मई को होने वाली परीक्षा की तारीख बदली जाए, ताकि बकरीद मनाने वाले छात्रों और कर्मचारियों को असुविधा न हो. डीयू ने हाईकोर्ट में कहा है कि जो छात्र बकरीद मनाना चाहते हैं, वे लॉ फैकलटी के डीन को सूचित करें, इसके बाद परीक्षा 4 जुलाई को शिड्यूल कर दी जाएगी. हालांकि, परीक्षा से कम से कम एक हफ्ते पहले छात्रों को नई तारीख के बारे में सूचित कर दिया जाएगा.
सोमवार को दिल्ली विश्वविद्यालय की जनरल ब्रांच-2 की एक विज्ञप्ति में कहा गया कि ईद-उल-अजहा के दिन 28 मई को विश्वविद्यालय के सभी कार्यालय, संकाय, विभाग, कॉलेज और संस्थान बंद रहेंगे. हालांकि, अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया कि परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी.
इस घोषणा के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (DUTA) के कई सदस्यों ने कुलपति योगेश सिंह को पत्र लिखकर 28 मई की परीक्षाएं स्थगित करने का अनुरोध किया. शिक्षकों के पत्र में कहा गया है कि हजारों मुस्लिम छात्र, शिक्षक और कर्मचारी ईद से जुड़े रीति-रिवाजों में हिस्सा नहीं ले सकेंगे.
यह भी पढ़ें:- जिमखाना क्लब मामले में कपिल सिब्बल दे रहे थे दलील HC ने टोका और पूछा- किस हैसियत से आपने….
पत्र में कहा गया है, ‘इतने महत्वपूर्ण धार्मिक त्योहार पर परीक्षाएं आयोजित करने से संबंधित छात्रों को काफी असुविधा और मानसिक परेशानी हो सकती है.’ पत्र में आगे कहा गया है, ‘हम उम्मीद करते हैं कि छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को परीक्षा के दबाव के बिना त्योहार मनाने का अवसर दिया जाएगा.’ इस बीच, ऑल इंडिया स्टूडेंट यूनियन (आइसा) ने भी विश्वविद्यालय के फैसले की आलोचना करते हुए इसे असंवेदनशील, बहिष्कार योग्य और बेहद समस्याग्रस्त बताया.
यह भी पढ़ें:- डांस बार, ऑर्केस्ट्रा और मसाज पार्लर में बाल मजदूरी पर रोक की मांग, सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को जारी किया नोटिस
