Food Storage In Fridge: आज के समय में फ्रिज हर घर का जरूरी सामान बन चुका है. लोग समय बचाने के लिए खाना बनाकर स्टोर करते हैं या फिर बचा हुआ खाना फ्रिज में रख देते हैं. फ्रिज खाने को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद करता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हर चीज हमेशा के लिए फ्रिज में ताजा रहती है.
दरअसल, हर खाने की एक तय समय सीमा होती है, जिसके बाद उसे खाना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है. ऐसे में यह जानना बहुत जरूरी है कि फ्रिज में रखा कौन सा खाना कितने दिन तक सुरक्षित रहता है. तो चलिए आज हम आपको बताते हैं कि फ्रिज में रखा खाना कब खराब हो जाता है.
पका हुआ खाना और डेयरी प्रोडक्ट्स कितने दिन सुरक्षित?
घर का बना पका हुआ खाना आमतौर पर फ्रिज में दो से तीन दिन तक ही सुरक्षित रहता है. इसके बाद उसमें बैक्टीरिया पनपने का खतरा बढ़ सकता है. वहीं उबला हुआ दूध भी दो से तीन दिन तक ही इस्तेमाल करना बेहतर बन जाता है, जबकि पैकेट वाला दूध खोलने के बाद 2 दिन के अंदर खत्म कर लेना चाहिए. दही की बात करें तो ताजा दही चार से पांच दिन तक फ्रिज में सही रहती है, लेकिन अगर उसमें खट्टापन या अजीब गंध आने लगे तो उसे इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.
सब्जियां और फल कितने दिन तक रखें?
हरी पत्तेदार सब्जियां तीन से चार दिन तक फ्रिज में सुरक्षित रहती है, जबकि गाजर, बीन्स और फूलगोभी जैसी सब्जियां 5 से 7 दिन तक चल सकती है. फलों में सेब और नाशपाती 1 से 2 हफ्ते तक सुरक्षित रहते हैं. लेकिन अंगूर और स्ट्रॉबेरी जैसे फल तीन से पांच दिन में खराब हो सकते हैं. कटे हुए फलों को ज्यादा देर तक फ्रिज में रखना सही नहीं माना जाता है. इन्हें 24 घंटे के अंदर खा लेना चाहिए, वरना यह दूषित हो सकते हैं.
अंडे, मांस और ब्रेड की स्टोरेज लिमिट
कच्चे अंडे 7 से 10 दिन तक फ्रिज में सुरक्षित रहते हैं, जबकि उबले अंडे दो से तीन दिन के अंदर खा लेने चाहिए. कच्चा चिकन या मांस 1 से 2 दिन और मछली 24 घंटे से ज्यादा फ्रिज में नहीं रखनी चाहिए. ब्रेड को 5 से 7 दिन तक फ्रिज में रखा जा सकता है, लेकिन ज्यादा समय रखने पर इसका स्वाद और बनावट खराब हो सकती है.
ये भी पढ़ें-Lung Detox Tips: सिगरेट पीते-पीते कमजोर हो गए हैं लंग्स, ऐसे कर सकते हैं डिटॉक्स
चावल, रोटी और दाल को लेकर सावधानी
फ्रिज में रखे चावल 1 से 2 दिन के अंदर खा लेने चाहिए. रोटी को 12 से 14 घंटे के अंदर इस्तेमाल करना बेहतर रहता है, क्योंकि ज्यादा देर रखने पर उसकी पौष्टिकता कम हो जाती है. वहीं दाल को भी दो दिन के अंदर खत्म कर लेना चाहिए, क्योंकि ज्यादा समय रखने पर यह पेट से जुड़ी समस्याएं पैदा कर सकते हैं.
फ्रिज में खाना रखने के दौरान ये गलतियां न करें
- कभी भी गरम खाना सीधा फ्रिज में नहीं रखना चाहिए.
- कच्चे और पके खाने को अलग-अलग रखें.
- खाना रखने के लिए हमेशा एयर टाइट कंटेनर का इस्तेमाल करें.
- फ्रिज का तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच रखें.
- खराब गंध, फफूंदी या रंग बदलने पर खाना तुरंत फेंक दें.
ये भी पढ़ें-Screen Time Effects: खुश रहने के लिए बस अपने रुटीन में करें यह छोटा सा बदलाव, बाद में थैंक यू बोलेंगे आप
