गर्मियों की छुट्टियों में दोस्तों के साथ ठंडी बोतल में मिलने वाला संतरे के स्वाद का सॉफ्ट ड्रिंक लोगों की छोटी-छोटी खुशियों का हिस्सा हुआ करता था. उस दौर में बाजार में कई पेय पदार्थ मौजूद थे, लेकिन कुछ ब्रांड ऐसे थे जिन्होंने अपने स्वाद और अलग पहचान के कारण लोगों के दिलों में जगह बना ली. ऐसा ही एक नाम था Gold Spot. समय बदलने के साथ बाजार में नए ब्रांड आए और धीरे-धीरे यह ड्रिंक दुकानों से गायब हो गई. हालांकि अब करीब 26 साल बाद इसकी वापसी की खबर ने एक बार फिर पुराने दिनों की यादें ताजा कर दी हैं.
इस बार गोल्ड स्पॉट की चर्चा किसी विज्ञापन या आधिकारिक लॉन्च इवेंट से नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और उनकी पत्नी साक्षी धोनी की तस्वीरों से शुरू हुई है. साक्षी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें गोल्ड स्पॉट के कैन दिखाई दिए. देखते ही देखते ये तस्वीरें इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गईं. लोगों ने अंदाजा लगाना शुरू कर दिया कि क्या यह पुराने सॉफ्ट ड्रिंक की वापसी का कोई संकेत है?
क्या बाजार में लौटने वाला है Gold Spot?
गोल्ड स्पॉट को लेकर बढ़ती चर्चाओं के बीच खबरें सामने आई हैं कि कोका-कोला इस पुराने ब्रांड को भारतीय बाजार में दोबारा पेश करने की योजना बना रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी इसे कम चीनी या बिना चीनी वाले विकल्प के रूप में पेश कर सकती है. बताया जा रहा है कि इसकी वापसी लंबे अंतराल के बाद होने जा रही है. इस संभावित लॉन्च को खास इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि गोल्ड स्पॉट केवल एक सॉफ्ट ड्रिंक नहीं, बल्कि कई लोगों के बचपन से जुड़ी यादों का हिस्सा रहा है. हालांकि अभी तक धोनी को लेकर आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर की भूमिका की पुष्टि नहीं हुई है.
यह भी पढ़ें: Viral Video: जीजा हो तो ऐसा! सालों की शादी में पहनाई 1-1 करोड़ के नोटों की माला
कैसे शुरू हुआ था Gold Spot का सफर?
गोल्ड स्पॉट की कहानी भारतीय सॉफ्ट ड्रिंक बाजार के पुराने दौर से जुड़ी है. इसे पारले समूह ने भारतीय बाजार में पहचान दिलाई थी. संतरे के स्वाद और आकर्षक नारंगी रंग के कारण यह ड्रिंक खास तौर पर बच्चों और युवाओं के बीच लोकप्रिय हुई. उस समय कोल्ड ड्रिंक का मतलब केवल प्यास बुझाना नहीं था, बल्कि दोस्तों के साथ समय बिताने और किसी खास मौके को मनाने का एक तरीका भी था. इस ब्रांड की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई साल तक यह देश के चर्चित सॉफ्ट ड्रिंक्स में शामिल रहा. बाद में 1993 में कोका-कोला ने पारले के एयरेटेड ड्रिंक कारोबार का अधिग्रहण किया. इस सौदे के साथ गोल्ड स्पॉट के अलावा थम्स अप, लिम्का और माजा जैसे ब्रांड भी कोका-कोला के पोर्टफोलियो का हिस्सा बन गए.
आखिर क्यों बंद हो गया था यह सॉफ्ट ड्रिंक?
लोकप्रिय होने के बावजूद गोल्ड स्पॉट बाजार में अपनी जगह लंबे समय तक कायम नहीं रख पाया. साल 2000 में कोका-कोला ने इसे बंद करने का फैसला किया. इसके पीछे एक बड़ी वजह कंपनी का अपना ही दूसरा ब्रांड फैंटा था. दोनों ही संतरे के स्वाद वाले कार्बोनेटेड ड्रिंक थे और एक ही तरह के कस्टमर्स को आकर्षित करते थे. ऐसे में कंपनी के लिए दोनों ब्रांड को एक साथ आगे बढ़ाना व्यावसायिक रूप से चुनौतीपूर्ण था. कंपनी ने अपने अंतरराष्ट्रीय ब्रांड फैंटा पर ज्यादा ध्यान देने का फैसला किया और गोल्ड स्पॉट धीरे-धीरे बाजार से गायब हो गया.
यह भी पढ़ें: Viral Video: कर्मचारियों पर मेहरबान हुईं काव्या मारन, शादी के गिफ्ट बॉक्स में बांटा सोना
