महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने रिकॉर्ड प्राइज मनी का ऐलान कर दिया है. ICC ने घोषणा करते हुए बताया कि इस बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम को 81,64,615 अमेरिकी डॉलर मिलेंगे, जो करीब 81.80 करोड़ भारतीय रुपयों के बराबर है. महिला टी20 वर्ल्ड कप 12 जून-5 जुलाई तक इंग्लैंड एंड वेल्स की मेजबानी में खेला जाएगा. यह पिछली बार से 10 प्रतिशत अधिक है.
ये पहली बार है, जब महिला टी20 वर्ल्ड कप में दुनिया की 12 टीम भाग ले रही होंगी. पिछली बार प्राइज मनी 79,58,077 अमेरिकी डॉलर थी. इस बार प्राइज मनी बढ़ाकर 81,64,615 अमेरिकी डॉलर कर दी गई है.
जो भी टीम चैंपियन बनेगी, उसे 23,40,000 डॉलर मिलेंगे, जो करीब 21.8 करोड़ रुपये के बराबर है. वहीं उपविजेता को उससे आधी रकम यानी 11,70,000 डॉलर मिलेंगे., जो भारतीय मुद्रा में लगभग 10.9 करोड़ रुपये के बराबर है. सेमीफाइनल में हारने वाली प्रत्येक टीम को 6,75,000 डॉलर और ग्रुप स्टेज में बाहर होने वाली टीम भी खाली हाथ नहीं लौटेंगी. टूर्नामेंट में भाग लेने वाली प्रत्येक टीम को कम से कम 2,47,500 डॉलर मिलेंगे. वहीं ग्रुप स्टेज में हर एक जीत के लिए टीमों को 31,154 डॉलर अलग से मिलने वाले हैं.
टी20 वर्ल्ड कप का फॉर्मेट
2026 महिला टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 12 जून से होगी और फाइनल 5 जुलाई को खेला जाएगा. टूर्नामेंट में भाग लेने वाली 12 टीमों को 6-6 टीमों के दो ग्रुप में बांटा जाएगा. ग्रुप A में भारत, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड्स होंगे. वहीं इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, श्रीलंका, आयरलैंड और स्कॉटलैंड को ग्रुप B में रखा गया है.
प्रत्येक ग्रुप में सभी टीमें एक-एक बार एक-दूसरे से भिड़ेंगी. सभी मैच सम्पन्न होने के बाद पॉइंट्स टेबल के टॉप-2 में रहने वाली टीम सेमीफाइनल में प्रवेश कर जाएंगी. 2024 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब न्यूजीलैंड ने जीता था, जिसने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 32 रनों से हराया था. वहीं भारत कभी भी महिला टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीता है.
