पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने जम्मू-कश्मीर में उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) सरकार पर जोरदार हमला बोला है. गुरुवार को उत्तरी कश्मीर के बारामूला में एक पार्टी सम्मेलन को संबोधित करते हुए महबूबा ने आरोप लगाया कि भारी चुनावी समर्थन मिलने के बावजूद मौजूदा सरकार ने जनता के जनादेश के साथ सीधा विश्वासघात किया है. उन्होंने सरकार को उसके अधूरे वादों और घाटी की बिगड़ती स्थिति पर आड़े हाथों लिया.
बेरोजगारी के मुद्दे पर चिंता जताते हुए पीडीपी प्रमुख ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के युवा एक अनिश्चित भविष्य का सामना कर रहे हैं. काबिल होने के बावजूद वे बेरोजगार हैं, जिससे चिंतित होकर कई युवा नशे की लत का शिकार हो रहे हैं. उन्होंने कहा, “सरकार 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने जैसे अपने मुख्य वादे पूरे करने में पूरी तरह नाकाम रही है. उलटा, स्थानीय वादों को अधूरा छोड़कर बिजली परियोजनाएं बाहरी लोगों को सौंपी जा रही हैं.”
‘अनुच्छेद 370 को ठंडे बस्ते में डाला’
महबूबा ने आरोप लगाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस को लोगों ने राहत की उम्मीद में वोट दिया था, लेकिन अब अनुच्छेद 370 और 35A जैसे बड़े मुद्दों को पूरी तरह ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है. अपने जनसंपर्क कार्यक्रम “कथ बात” का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पूरे कश्मीर में आम लोगों के बीच भारी तनाव और चिंता का माहौल है.
उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “मस्जिदों में इमामों तक को उपदेश देने से पहले अपनी जांच करवाने के लिए मजबूर किया जा रहा है. बार-बार पुलिस वेरिफिकेशन के नाम पर युवाओं को लगातार परेशान किया जा रहा है और बिना मुकदमे के कई लोग राज्य के बाहर की जेलों में बंद हैं.” उन्होंने सवाल किया कि बार-बार दिल्ली जाने वाले सत्ताधारी नेता वहां इन मुद्दों को क्यों नहीं उठाते?
बीजेपी के साथ गठबंधन का किया बचाव
अपनी पार्टी के बीजेपी के साथ पिछले गठबंधन को लेकर हो रही आलोचनाओं पर पलटवार करते हुए महबूबा ने स्पष्ट किया कि उन्होंने लोगों के अधिकारों के साथ कभी कोई समझौता नहीं किया. उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में गरीबों के लिए जमीन नियमित करने और नए जिले बनाने जैसे जन-हितैषी कदम उठाए गए थे. इसके साथ ही, उन्होंने सिख समुदाय की हमेशा कश्मीर के साथ खड़े रहने के लिए सराहना की और उनके लिए पर्याप्त सहायता पैकेज की मांग उठाई.
Srinagar News: श्रीनगर में लश्कर मॉड्यूल पर बड़ा एक्शन, J&K पुलिस ने 4 OGWs को दबोचा, हथियार बरामद
व्यापार मार्ग बंद होने से नुकसान, अमेरिका का दिया उदाहरण
पीडीपी अध्यक्ष ने मौजूदा सरकार पर जमीन और रोजगार के अधिकारों की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में ‘श्रीनगर-मुजफ्फराबाद’ व्यापार मार्ग खोला गया था, जिसे अब नशीले पदार्थों की तस्करी का हवाला देकर बंद कर दिया गया है, जिससे व्यापारियों और फल उत्पादकों को भारी नुकसान हो रहा है.
अंत में लोगों से उम्मीद न छोड़ने की अपील करते हुए महबूबा ने वैश्विक राजनीति का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा, “जुल्म हमेशा नहीं टिकता. आज अमेरिका जैसी महाशक्ति भी बैकफुट पर है और ईरान के साथ पाकिस्तान में बातचीत का प्रस्ताव देकर कमजोरी दिखा रही है.” उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि एक दिन न्याय की जीत जरूर होगी.
