Jugal Hansraj Birthday: जुगल हंसराज बॉलीवुड के एक ऐसे एक्टर रहे हैं जिन्होंने अपनी एक्टिंग के साथ-साथ फैंस को अपना दीवाना अपनी मुस्कान और लुक्स से भी बनाया था. कभी उन्हें नेशनल क्रश का टैग भी मिला था और वो बड़े स्टार्स को टक्कर देने लगे थे, लेकिन इसके बावजूद वो ज्यादा सफल नहीं हुए और जल्द ही बॉलीवुड से गुमनाम हो गए. आइए आज आपको उनके जन्मदिन के मौके पर उनसे जुड़ी कुछ खास बातें बताते हैं.
पिता की तरह क्रिकेट नहीं, एक्टिंग को चुना
जुगल हंसराज का जन्म 26 जुलाई 1972 को ‘मायानगरी’ मुंबई में हुआ था. बता दें कि उनके पिता प्रवीण हंसराज ने क्रिकेट को गले लगाया था. प्रवीण हंसराज भारत की तरफ से क्रिकेट खेल चुके हैं. लेकिन, दूसरी ओर जुगल ने स्पोर्ट में दिलचस्पी नहीं दिखाई और रुपहले पर्दे का सफर तय करने का सपना बुना. इस सपने को उन्होंने बचपन में ही साकार कर लिया था और बड़े हुए तो भी अभिनय जगत में ही काम किया.
ये भी पढ़ें: मजेदार है ये बेब सीरीज, एंटरटेन करने के साथ साथ कुछ सिखाएगी और समझाएगी भी
11 साल की उम्र में किया था बॉलीवुड में डेब्यू
जुगल हंसराज ने बड़े पर्दे के लिए सबसे पहले कैमरा फिल्म ‘मासूम’ के जरिए फेस किया था. ये फिल्म साल 1983 में रिलीज हुई थी और इसमें जुगल ने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम किया था. उनके किरदार का नाम राहुल मल्होत्रा था. उस वक्त उनकी उम्र 11 साल थी. 43 साल पुरानी इस फिल्म में जुगल को शबाना आजमी, नसीरुद्दीन शाह, तनुजा, सईद जाफरी और सतीश कौशिक जैसे सिनेमा के बड़े दिग्गजों के साथ काम करने का मौका मिला था.
‘आ गले लग जा’ से बतौर लीड एक्टर डेब्यू
मासूम से डेब्यू करने वाले जुगल हंसराज ने साल 1986 में दो और फिल्मों में भी बतौर बाल कलाकार काम किया था. ये फ़िल्में थीं ‘कर्मा’ और ‘सल्तनत’. इसमें से कर्मा बहुत बड़ी हिट साबित हुई थी. जुगल ने बतौर लीड एक्टर बॉलीवुड में अपनी शुरुआत साल 1994 में की थी. इस दौरान वो फिल्म ‘आ लग जा गले’ में नजर आए थे. 32 साल पुरानी इस रोमांटिक फिल्म में उनकी जोड़ी उर्मिला मातोंडकर के साथ बनी थी. फिल्म का डायरेक्शन हामिद अली खान ने किया था. इसमें जुगल ने सूरज और उर्मिला ने रोशनी नाम का किरदार निभाया था. हालांकि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर पिट गई थी.
‘घर से निकलते ही गाने’ से आए चर्चा में
साल 1996 की फिल्म ‘पापा कहते हैं’ के गाने ‘घर से निकलते ही’ से जुगल चर्चा में आ गए थे. ये गाना जुगल और एक्ट्रेस मयूरी कांगो पर फिल्माया गया था. इसे लोग आज भी काफी पसंद करते हैं. गाने को उदित नारायण ने आवाज दी थी और इसके बोल जावेद अख्तर ने लिखे थे.

‘मोहब्बतें’ ने बना दिया था ‘नेशनल क्रश’
जुगल को बड़ा फेम साल 2000 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘मोहब्ब्तें’ से मिला था. इसके बाद उन्हें ‘नेशनल क्रश’ कहा जाने लगा था. इस फिल्म में उन्होंने ऐश्वर्या राय, अनुपम खेर, अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान जैसे दिग्गजों के साथ काम किया था.
ये भी पढ़ें: थलपति विजय की ‘जना नायकन’ ओटीटी पर कब और कहां स्ट्रीम होगी? यहां हैं सारी डिटेल्स
कभी एक साथ साइन की थीं 40 फिल्में
जुगल का करियर चल पड़ा था. रिपोर्ट्स के मुताबिक एक्टर ने तब एक साथ 40 फिल्में साइन कर डाली थीं. बताया जाता है कि वो सभी पर एक साथ काम करने लगे थे. हालांकि उनकी कई फ़िल्में डब्बा बंद हो गई और कई रिलीज ही नहीं हो पाईं. ये खुलासा खुद एक्टर ने ई टाइम्स को दिए इंटरव्यू में किया था.

अब कहां हैं जुगल हंसराज?
जुगल हंसराज ने कभी खुशी कभी गम, सलाम नमस्ते, आजा नचले और कहानी 2 जैसी फिल्मों में भी काम किया था. सफलता न मिलने पर उन्होंने बॉलीवुड से दूरी बना ली थी. फिर उन्होंने ‘शिव शास्त्री बल्बोआ’ (2022) से कमबैक किया था. इसके बाद एक्टर खुशी कपूर और इब्राहिम अली खान की साल 2025 में आई फिल्म ‘नादानियां’ में भी नजर आए थे.
बता दें कि जुगल हंसराज ने साल 2014 में जैस्मिन ढिल्लों से शादी की थी. इसके बाद वो अमेरिका के न्यूयॉर्क में सेटल हो गए थे. अब जुगल और जैस्मिन एक बेटे के पेरेंट्स हैं.
