आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) ने खान सर (Khan Sir) के कोचिंग सेंटर के बाहर हुई घटना पर प्रतिक्रिया दी है. गुरुवार (04 जून, 2026) को तेज प्रताप यादव ने इसको लेकर सम्राट सरकार पर हमला बोला. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Bihar CM Samrat Choudhary) से इस्तीफे तक की मांग कर दी.
तेज प्रताप यादव ने कहा, “बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. यह कोमा में चली गई है. पटना में शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हुई हालिया गोलीबारी की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार के बड़े-बड़े दावों की पोल खोल दी है.”
तेज प्रताप यादव ने आगे कहा, “राज्य में प्रतिदिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं. लोग बिल्कुल सुरक्षित नहीं हैं. अगर सम्राट चौधरी सरकार नहीं चला सकते हैं, तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए.”
राबड़ी आवास मामले में तेज प्रताप ने उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री और अपनी मां राबड़ी देवी (Rabri Devi) के सरकारी आवास को एक मंत्री को आवंटित किए जाने के मुद्दे पर तेज प्रताप यादव ने बिहार सरकार पर निशाना साधा. तेज प्रताप यादव ने पीटीआई से बातचीत में कहा, “यदि राबड़ी देवी जी को 10, सर्कुलर रोड स्थित बंगला खाली करने के लिए राज्य सरकार ने 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है, तो पटना में सरकारी बंगलों में रह रहे अन्य पूर्व मुख्यमंत्रियों नीतीश कुमार जी और जीतन राम मांझी जी को भी ऐसे ही नोटिस दिए जाने चाहिए. राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से भी मकान खाली करने को कहा जाना चाहिए, जो पटना में सरकारी बंगले में रह रहे हैं.”
यह भी पढ़ें- Madhubani News: बिहार के मधुबनी में 6 बच्चे डूबे, 5 की मौत, परिजनों को दिए गए 4-4 लाख रुपये
बता दें कि राबड़ी देवी जिस सरकारी बंगले में रह रही हैं, उसे खाली करने से उनके इनकार के बाद विवाद खड़ा हो गया है. यह आवास अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है.
‘सम्राट चौधरी को लाल किले में चले जाना चाहिए’
तेज प्रताप यादव ने कहा, “मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना में आठ एकड़ में फैले विशाल सरकारी बंगले में क्यों रह रहे हैं? क्या उन्हें इतने बड़े आवास की जरूरत है? यदि उन्हें अपने लिए इतना बड़ा आवास चाहिए, तो उन्हें दिल्ली के लाल किले में चले जाना चाहिए.”
यह भी पढ़ें- अब खान सर की मुश्किलें बढ़ीं? हिरासत में लिए गए उनके ही 2 गार्ड, जानिए क्या है पूरा मामला
