मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने कुछ दिन पहले ‘Made in China’ अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों के मामले में जांच के दौरान कई अहम खुलासे किए हैं. जांच में सामने आया है कि आरोपी बाहरी राज्यों से मुंबई हथियार सप्लाई करने आए थे और पिछले करीब 10 दिनों से पनवेल इलाके में ठहरे हुए थे.
मुबंई के खरीदारों के लिए नजदीकी शहर में लाए गए विदेशी हथियार
क्राइम ब्रांच सूत्रों के मुताबिक, हथियारों की डील वाली रात तीनों आरोपी पनवेल से टैक्सी के जरिए मुंबई पहुंचे थे. शक से बचने के लिए आरोपी तय लोकेशन से करीब आधा किलोमीटर पहले ही टैक्सी से उतर गए थे और वहां से पैदल डील पॉइंट तक पहुंचे.
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि बरामद ‘Made in China’ विदेशी हथियार मुंबई के नजदीकी एक शहर से लाए गए थे और इन्हें मुंबई में खरीदारों तक पहुंचाया जाना था. पुलिस का कहना है कि आरोपी बेहद शातिर और पेशेवर अपराधी हैं, जो पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहे हैं.
‘आत्मनिर्भर भारत से मेक फॉर वर्ल्ड तक’, PM मोदी के 12 साल के कार्यकाल की CM फडणवीस ने की तारीफ
तीनों आरोपियों पर हत्या जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. पंजाब के रहने वाले दो आरोपियों पर हत्या के मामले दर्ज हैं, जबकि एक अन्य आरोपी के खिलाफ 19 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं. इनमें से एक आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) भी जारी है.
मुंबई क्राइम ब्रांच अब इस पूरे नेटवर्क के पीछे मौजूद सप्लायर और खरीदारों की तलाश में जुटी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हथियारों की डिलीवरी के बदले आरोपियों को कितनी रकम मिलने वाली थी. फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है. इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एंगल से भी जांच की जा रही है.
मुंबई से सटे मीरा रोड की सोसायटी में बवाल, बकरों के लिए शेड बनाने पर हिंदू संगठनों का विरोध
