Narak Chaturdashi 2026: दिवाली के महापर्व की शुरुआत के साथ ही कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व माना गया है. इसे देश भर में नरक चतुर्दशी, रूप चौदस, यम चतुर्दशी और छोटी दीपावली के नाम से मनाया जाता है.
शास्त्रों के अनुसार यह दिन केवल शारीरिक सौंदर्य निखारने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह तन-मन की शुद्धि, यमराज के भय से मुक्ति और घर में महालक्ष्मी के स्थाई वास का प्रतीक है.
रूप चतुर्दशी 2026: तिथि और शुभ मुहूर्त
पंचांग गणना के अनुसार इस वर्ष कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी तिथि 7 नवंबर को प्रात: 10:38 बजे से शुरू होकर 8 नवंबर को प्रातः 11:29 बजे तक रहेगी.
तिथि प्रारंभ: 7 नवंबर, सुबह 10:38 बजे
तिथि समाप्त: 8 नवंबर, सुबह 11:29 बजे
हनुमान जयंती (उत्तर भारतीय परंपरा): 7 नवंबर (चतुर्दशी निशीथ काल यानी अर्धरात्रि व्यापिनी होने के कारण)
अभ्यंग स्नान मुहूर्त: 8 नवंबर, प्रातः 05:41 से 06:38 बजे तक
अभ्यंग स्नान का महत्व और पौराणिक कथा:
रूप चतुर्दशी के दिन सूर्योदय से पूर्व शरीर पर तिल का तेल और औषधीय उबटन (चंदन, हल्दी, सरसों तेल और बेसन) लगाकर स्नान करने का विधान है, जिसे ‘अभ्यंग स्नान’ कहा जाता है.
पौराणिक मान्यता है कि, इस दिन भगवान श्रीकृष्ण ने अत्याचारी राक्षस नरकासुर का वध कर 16 हजार कन्याओं को उसके बंदीगृह से मुक्त कराया था. युद्ध के पश्चात कान्हा के शरीर पर लगे रक्त और धूल को साफ करने के लिए तेल और उबटन से स्नान कराया गया था.
एक अन्य कथा के अनुसार, राजा हिरण्यगर्भ ने घोर तपस्या के कारण जर्जर और अस्वस्थ हुए अपने शरीर को फिर से निरोगी और कांतियुक्त बनाने के लिए महर्षि नारद के बताए अनुसार इसी तिथि को सूर्योदय पूर्व लेप स्नान कर श्रीकृष्ण की आराधना की थी, जिससे उन्हें दिव्य रूप की फिर से प्राप्ति हुई.
यम दीपदान: अकाल मृत्यु से रक्षा का अचूक उपाय
नरक चतुर्दशी की शाम यमराज की प्रसन्नता और पितरों की सद्गति के लिए विशेष दीपदान किया जाता है.
चौमुखा दीपक: शाम को जब परिवार के सभी सदस्य घर आ जाएं, तब घर का मुखिया आटे या मिट्टी का 4 बत्तियों वाला बड़ा दीपक जलाता है.
दिशा और स्थान: इस दीपक को मुख्य द्वार पर दक्षिण या पूर्व दिशा की ओर मुख करके रखा जाता है.
संकल्प मंत्र: दीप प्रज्वलित करते समय इस मंत्र का स्मरण करें:
‘दत्तो दीप: चतुर्दश्यो नरक प्रीतये मया. चतुर्वर्ति समायुक्त: सर्व पापा न्विमुक्तये..’
14 दीपकों की जगमग: यम दीपक के अतिरिक्त घर के सभी कोनों, मुंडेर और चौखट पर 14 या 16 तिल के तेल के दीये जलाए जाते हैं, जिससे घर से नकारात्मक शक्तियां समाप्त होती हैं.
इस दिन क्या करें और क्या न करें?
कबाड़ और नकारात्मकता का विसर्जन: घर में रखे टूटे-फूटे बर्तन, कांच का सामान, बंद घड़ियां और अनुपयोगी वस्तुएं बाहर निकालें. शास्त्र सम्मत मान्यता है कि दरिद्रता और गंदगी ही नरक का रूप हैं.
बजरंगबली की पूजा: इस तिथि की महानिशा में जन्मे अंजनी पुत्र हनुमान जी की उपासना करें. हनुमान चालीसा और हनुमानाष्टक का पाठ संकटों और भय का निवारण करता है.
यम-तर्पण: स्नान के बाद दक्षिण दिशा की ओर मुख करके यमराज के 14 नामों का स्मरण करते हुए तिलयुक्त जल से तीन-तीन जलांजलि अर्पित करें.
रूप निखारने, आरोग्य पाने और यम यातनाओं से मुक्ति दिलाने वाला यह पर्व जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और समृद्धि का संचार करता है.
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.
