Office Astrology: शनि देव को तीनों लोक में न्याय और दंड का देवता माना गया है. मनुष्य से लेकर देवता और दानव भी शनि की दृष्टि से थर-थर कांपते हैं. माना जाता है कि, शनि की दृष्टि जिस पर पड़ जाए, उसका अनिष्ट निश्चित है. लेकिन शनि दृष्टि से केवल उन्हीं को डरने की जरूरत है जो गलत कर्म करते हैं.
ऑफिस या कार्यक्षेत्र की बात करें तो, हर कर्मचारी समय-समय पर वेतनवृद्धि, पद में बढ़ोतरी की इच्छा रखता है. लेकिन ऑफिस में आपकी प्रमोशन और सैलेरी सिर्फ किस्मत नहीं बल्कि मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी पर भी निर्भर करती है, जिसका लेखा-जोखा शनि महाराज रखते हैं. आप अपना कार्य पूरी ईमानदार और मेहनत से करेंगे तो देर से ही सही लेकिन शनि आपको उसका फल जरूर देंगे.
ऑफिस वर्कर्स पर है शनि की नजर
ज्योतिष में शनि को न्यायाधीश के साथ ही दंडाधिकारी का दर्जा भी प्राप्त है. शनि सभी ग्रहों में सबसे धीमी गति से चलने वाला ग्रह है, जिस कारण शनि का प्रभाव भी लंबे समय तक रहेगा, फिर चाहे वह अच्छा हो या बुरा. खासकर जब बात करियर और नौकरी की हो तो, इसमें शनि की भूमिका और भी अहम हो जाती है. कहा जाता है कि शनि की CCTV जैसी नजर से कोई नहीं बच सकता है. शनि की नजर हर व्यक्ति के काम, मेहनत और व्यवहार पर रहती है. अगर आप ऑफिस में कामचोरी करते हैं, समय पर अपना काम नहीं करते या ईमानदारी से अपना काम नहीं करते तो याद रखें, इसका पूरा हिसाब शनि देव रख रहे हैं.
शनि रखते हैं मेहनत का पूरा हिसाब
शनि को ज्योतिष शास्त्र में मेहनत, अनुशासन, कर्मफदायी और जिम्मेदारी का कारक ग्रह माना गया है. ऑफिस में जो लोग अपनी शिफ्ट ईमानदारी से काम करते हैं, मेहनत करते हैं, समय का पालन करते हैं और जिम्मेदारी निभाते हैं, उन्हें शनि के आशीर्वाद से स्थायी सफलता जरूर मिल सकती है. वहीं दूसरी ओर जो लोग कामचोरी, काम में लापरवाही, देर से ऑफिस आना या शॉर्टकट अपनाते हैं, उन्हें शनि भी कर्म के अनुसार ही फल देते हैं. इसलिए ऑफिस में आपकी तरक्की होगी या नहीं, इसका सीधा संबंध आपके परफॉर्मेंस से है.
ऑफिस में प्रमोशन और इंक्रीमेंट में शनि की भूमिका
धीमी गति से चलने के कारण शनि कभी भी तुरंत फल नहीं देते. लेकिन जब देते हैं तो बड़ा और स्थायी देते है. ऑफिस में मिलने वाले प्रमोशन या इंक्रीमेंट की बात करें तो, जो लोग ईमानदारी से मेहनत करते हैं, उनके प्रमोशन के योग बनते हैं.
ऑफिस में पद-प्रमोशन के लिए शनि को कैसे करे खुश
- समय पर अपना काम पूरा करें. कामचोरी करने वालों पर भी शनि की दृष्टि रहती है.
- सीनियर्स, जूनियर्स और सहकर्मियों का सम्मान करें.
- जो लोग स्त्रियों के प्रति बुरा भाव रखते हैं, उनका अपमान करते है उन पर भी शनि की पूरी दृष्टि रहती है. इसलिए कार्यक्षेत्र में महिला सहकर्मियों के प्रति ईमानदार रहें.
- काम में ईमानदारी और पारदर्शिता बनाए रखें. झूठ बोलने, झूठी गवाही देने या अनावश्यक लड़ाऊ-झगड़े से बचें.
ये भी पढ़ें: Job Astrology: अच्छे मैनेजर और बॉस साबित होते हैं इस राशि के लोग, ऑफिस में हर कोई करता है तारीफ|Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.
