Headlines

PM मोदी के फिलीपींस दौरे की बड़ी उपलब्धियां, Quad में शुरू होंगी कई नई पहल


वैश्विक तनाव और अस्थिरता के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस के मनीला से पूरी दुनिया को ‘शांति, स्थिरता और भरोसे’ का बड़ा संदेश दिया. विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने मंगलवार (17 नवंबर) को प्रधानमंत्री की इस सफल यात्रा का ब्योरा देते हुए कहा कि मनीला में हुए क्वाड समिट में समुद्री निगरानी से लेकर साइबर सुरक्षा और बिजनेस फोरम तक कई बड़े फैसले लिए गए हैं. इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की. उन्होंने पीएम मोदी को ‘टफ मैन’ और एक मजबूत व्यक्तित्व वाला नेता बताया.

प्रधानमंत्री की यात्रा पर जानकारी देते हुए विदेश सचिव ने बताया कि पीएम मोदी ने अपनी फिलीपींस यात्रा के दौरान 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन, 21वें ईस्ट एशिया समिट और 7वें क्वाड लीडर्स समिट में हिस्सा लिया. इन तीनों बैठकों में प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि आज जब दुनिया भारी भू-राजनीतिक तनाव, अस्थिरता और दबावों से गुजर रही है तो ऐसे समय में दुनिया को वास्तव में शांति, स्थिरता और स्पष्टता की जरूरत है.

7वें क्वाड समिट के बड़े फैसले और नई पहल

विदेश सचिव ने 7वें क्वाड समिट को एक बेहद ठोस, दूरदर्शी और व्यावहारिक बैठक बताया, जिसने ‘स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत’ के प्रति चारों देशों की प्रतिबद्धता को फिर से दोहराया है उन्होंने बैठक के प्रमुख नतीजों की जानकारी दी.

क्वाड बिजनेस फोरम: चारों देशों के नेताओं ने पहली बार ‘क्वाड बिजनेस फोरम’ शुरू करने पर सहमति जताई है, जो चारों देशों के व्यवसायों, शिक्षाविदों और उद्योगों को एक साथ लाएगा. पीएम मोदी ने 2027 की पहली तिमाही में इसकी मेजबानी करने में भारत की रुचि जाहिर की है.

समुद्री निगरानी सहयोग: क्वाड नेताओं ने ‘इंडो-पैसिफिक मैरीटाइम सर्विलांस’ सहयोग की भी घोषणा की. इसके तहत पहला अभ्यास मार्च 2027 में गुआम में होने वाले ‘एक्सरसाइज सी ड्रैगन’ के इतर होगा. विक्रम मिसरी ने कहा कि यह पहल समुद्री क्षेत्र की निगरानी में मौजूदा सहयोग को आगे बढ़ाएगी और अवैध मछली पकड़ने व तस्करी जैसी साझा चुनौतियों से निपटेगी.

केबल कनेक्टिविटी और ऊर्जा सुरक्षा: एक अन्य बड़ा फैसला केबल कनेक्टिविटी और सुरक्षा के लिए क्वाड साझेदारी है, जिसके तहत टेलीकॉम केबलों की सुरक्षा पर चल रहे सहयोग का विस्तार कर अब समुद्र के नीचे बिछी एनर्जी केबलों को भी इसमें शामिल किया जाएगा.

साइबर सुरक्षा सहयोग: साइबर घटनाओं के बढ़ते स्तर को देखते हुए चारों देशों के बीच साइबर सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया है. विदेश सचिव विक्रम मिसरी के मुताबिक, यह एक सुरक्षित और भरोसेमंद साइबरस्पेस बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है.

मनीला का ऐतिहासिक महत्व और आसियान की भूमिका

विदेश सचिव ने कहा कि ये कदम हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लोगों को ठोस लाभ पहुंचाने, कनेक्टिविटी और क्षमता निर्माण जैसे मुद्दों को हल करने पर केंद्रित हैं. उन्होंने मनीला के विशेष ऐतिहासिक महत्व को याद करते हुए कहा कि चारों देशों के अधिकारी पहली बार 2007 में यहीं मिले थे और 2017 में भी यहीं से क्वाड सहयोग को फिर से शुरू किया गया था. ऐसे में लगभग एक दशक बाद 2026 में 7वां क्वाड समिट यहां होना बेहद उपयुक्त है.

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आसियान शिखर सम्मेलन के इतर हुई यह बैठक इस क्षेत्र में ‘आसियान की मुख्य भूमिका’ को ध्यान में रखकर ही आयोजित की गई है. इसके नतीजे पिछले 20 महीनों में हुई पांच विदेश मंत्रियों की बैठकों की प्रगति पर आधारित हैं.

PMO और विदेश मंत्रालय ने यात्रा को बताया सफल

इस बीच प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पीएम मोदी ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग मजबूत करने के लिए क्वाड नेताओं के साथ सार्थक चर्चा की. नेताओं ने समुद्री सुरक्षा, उभरती तकनीकों, आपदा राहत और भरोसेमंद सप्लाई चेन पर ध्यान केंद्रित करते हुए सहयोग के अगले फेज की रूपरेखा तय की.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री की फिलीपींस यात्रा के समापन की घोषणा करते हुए इसे सफल यात्रा बताया. जायसवाल ने कहा कि तीनों प्रमुख शिखर सम्मेलनों और द्विपक्षीय बैठकों के दौरान पीएम मोदी ने आसियान के साथ भारत की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने, शांत और समृद्ध हिंद-प्रशांत के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता को दोहराया.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *