क्या आप भी ज्यादा से ज्यादा ऑनलाइन फूड खरीदते हैं? अगर हां, तो कैसा रहेगा यदि फूड डिलीवरी एप्स पर आपको पहले से ही वॉर्निंग लेबल दिखने लगें? ये एक अच्छी पहल होगी. तभी तो उपभोक्ताओं ने इसकी मांग की है. हाल ही में एक सर्वे रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें उपभोक्ताओं ने मांग की है कि उन्हें फूड डिलीवरी एप्स पर नमक या सैचुरेटेड फैट वाले खाने पर वॉर्निंग लेबल दिखाया जाए.
सर्वे में क्या आया सामने?
दरअसल हाल ही में लोकल सर्कल्स का एक देशव्यापी सर्वे हुआ है. इस सर्वे में सामने आया है कि भारत में करीब 9 में से 8 उपभोक्ता चाहते हैं कि उन्हें प्रोडक्ट्स पर वॉर्निंग दिखाई दै. ये सर्वे देश के 328 जिलों के घरेलू उपभोक्ताओं के बीच किया गया, जिसमें 1.08 लाख से ज्यादा लोगों ने जवाब दिया है.
ये भी पढ़ें: आपका भी UPI अकाउंट हो सकता है फ्रीज, जानें क्या कहता है RBI
वॉर्निंग लेबल चाहते हैं कस्टमर्स
इस सर्वे में 89% लोगों ने कहा है कि ई-कॉमर्स और क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर प्रोडक्ट की लिस्टिंग और उसके डिटेल पेज, दोनों जगह चेतावनी साफ तौर पर दिखाई देना चाहिए. वहीं 2% लोगों ने केवल प्रोडक्ट के डिटेल पेज पर चेतावनी दिखाने का समर्थन किया. इस तरह कुल 91% उपभोक्ता ऑनलाइन चेतावनी के पक्ष में हैं. सिर्फ 7% लोगों का कहना था कि प्रोडक्ट की पैकेजिंग पर चेतावनी देना ही काफी है.
इतना ही नहीं बल्कि सर्वे में करीब 80% लोगों ने कहा कि अगर किसी पैकेज्ड फूड में चीनी, नमक या सैचुरेटेड फैट में से किसी एक की मात्रा भी ज्यादा है, तो पहले चरण से ही उस पर चेतावनी होनी चाहिए. तो वहीं 88% उपभोक्ताओं का कहना है कि चेतावनी का साइज बड़ा हो, वो साफ दिखाई दे और ग्राहक की नजर तुरंत उस पर जाए. इतनी ही संख्या में लोगों ने कहा कि नियम तय होने के 6 महीने के अंदर कंपनियों को इन्हें लागू कर देना चाहिए.
ये भी पढ़ें: 20% बोनस की कर लें तैयारी, 21000 सैलरी वालों को सीधा फायदा
क्यों हो रही ये मांग?
बीते कई दिनों से FSSAI की कार्रवाई इन एप्स के स्टोर्स पर चल रही है, जिसमें इनके ब्लैक स्टोर में काफी गंदगी और हाईजीन की समस्या नजर आ रही है. इसको लेकर अब ग्राहक भी सचेत हो रहे हैं. ग्राहकों का मानना है कि यदि एप्स में ही इस तरह की वॉर्निंग होगी तो व्यक्ति खरीदने से पहले ही कई बार सोचेगा या नहीं खरीदेगा.
बता दें कि FSSAI पैकेज्ड फूड और ड्रिंक्स के लिए लाल रंग का हेक्सागोन यानी छह कोनों वाला चेतावनी लेबल लाने की तैयारी कर रहा है. इसमें हाई शुगर, हाई सॉल्ट, हाई फैट और हाईली स्वीटन्ड बेवरेज जैसी चेतावनियां शामिल हो सकती हैं.
