- एक दिन पहले टूरिस्ट वैन खाई में गिरी, 9 की मौत।
तमिलनाडु में इसी हफ्ते गुरुवार (23 अप्रैल, 2026) को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले लगातार दूसरे दिन बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है. राज्य के विरुधुनगर जिले के कत्तनारपट्टी में रविवार (19 अप्रैल, 2026) को एक पटाखा फैक्ट्री में बड़ा विस्फोट हुआ है. स्थानीय पुलिस ने बताया कि इस घटना में फैक्ट्री में काम करने वाले कम से कम 23 मजदूरों की मौत हो गई और कई अन्य घायल भी हुए हैं.
इस घटना की खबर सामने आने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मरने वालों लोगों के परिवार वालों के प्रति संवेदना जताई है और अधिकारियों को जरूरी मदद सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं.
घटना में मरने वालों की बढ़ सकती है संख्याः पुलिस
जिला पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि अभी तक हमने 19 शव बरामद किए हैं. हमें आशंका है कि संख्या और भी ज्यादा बढ़ सकती है. न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, जब पटाखा फैक्ट्री में आग लगी, उस वक्त वहां करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे. पुलिस ने बताया कि इस धमाके के असर से बिल्डिंग के कुछ हिस्से ढह गए और इसके बाद लगी भीषण आग में पूरी फैक्ट्री जलकर खाक हो गई.
बचाव कार्य के दौरान हुआ दूसरा ब्लास्ट– जिला कलेक्टर
वहीं, विरुधुनगर के जिला कलेक्टर डॉ. एनओ सुखपुत्र ने कहा, ‘इस घटना में अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है. इन 23 मृतकों में से 19 शवों की पहचान हो चुकी है. इनमें 16 महिलाएं और तीन पुरुष हैं, जबकि छह घायल आईसीयू में हैं.’ उन्होंने कहा कि जब हम बचाव कार्य कर रहे थे, उसी दौरान दूसरा विस्फोट हुआ. इसके परिणामस्वरूप पुलिस, हमारी फायर और रेस्क्यू टीम, राजस्व विभाग की टीम और बचाव कार्य में लगे स्वयंसेवकों सहित करीब 13 लोग अस्पताल में भर्ती हैं. फिलहाल कोई गंभीर रूप से घायल नहीं है और हमारी मेडिकल टीम उनका इलाज कर रही है.
उन्होंने कहा, ‘जिला प्रशासन की मदद और बचाव समेत अन्य कार्यों की निगरानी के लिए एक वरिष्ठ IAS अधिकारी को नियुक्त किया गया है. हमने एफआईआर दर्ज कर ली है. जांच जारी है.’
यह भी पढ़ेंः Tamil Nadu Accident: तमिलनाडु में भीषण हादसा, गहरी खाई में गिरी टूरिस्ट वैन, 9 लोगों की मौत, PM मोदी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने घटना पर जताया दुख
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने इस बड़े हादसे में मरने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया है. इसके साथ, मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों ने सभी जरूरी मदद सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया है. उन्होंने मंत्रियों KKSSR रामचंद्रन और थंगम थेन्नारासु को घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने का भी निर्देश दिया है.
सोशल मीडिया पर CM स्टालिन ने शेयर किया पोस्ट
मुख्यमंत्री स्टालिन ने इस घटना के बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर जानकारी साझा की. उन्होंने कहा, ‘विरुधुनगर जिले के कत्तनारपट्टी में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कई लोगों की मौत की दुखद खबर बहुत ही तकलीफ देने वाली है. मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं.’ उन्होंने कहा, ‘मैंने जिला कलेक्टर एनओ सुखपुत्र (N.O. Sukhaputra) को सभी जरूरी सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.’
விருதுநகர் மாவட்டம் கட்டனார்பட்டியில் ஏற்பட்ட பட்டாசு ஆலை வெடி விபத்தில் பலர் உயிரிழந்துள்ள துயரச் செய்தி மிகுந்த வேதனையளிக்கிறது. உயிரிழந்தோரின் குடும்பத்தினருக்கு எனது ஆழ்ந்த இரங்கல்கள்.
மீட்புப் பணிகளை விரைவுபடுத்திக் கண்காணிக்கவும், பாதிக்கப்பட்ட குடும்பங்களுக்கு ஆறுதல்…
— M.K.Stalin – தமிழ்நாட்டை தலைகுனிய விடமாட்டேன் (@mkstalin) April 19, 2026
एक दिन पहले सड़क हादसे में हुई 9 लोगों की मौत
तमिलानाडु में लगातार दूसरे दिन भीषण हादसे में लोगों ने अपनी जान गंवाई है. एक दिन पहले शनिवार (18 अप्रैल, 2026) को राज्य के वालपराई में एक टूरिस्ट वैन खाई में गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हो गए. इस घटना पर पीएम मोदी ने दुख जताया है.
यह भी पढ़ेंः Women Reservation: ‘तमिलनाडु ने हराया दिल्ली का अहंकार’, लोकसभा में पास नहीं हुआ महिला आरक्षण बिल तो बोले स्टालिन
