टीवी की दुनिया में जल्द ही जबरदस्त ड्रामा और बड़े ट्विस्ट देखने को मिलने वाले हैं. कहीं प्राइज मनी को लेकर परिवार में बवाल मचेगा, तो कहीं अस्पताल से अचानक एक अहम किरदार के गायब होने से हड़कंप मच जाएगा. वहीं, किसी शो में पुराने राज सामने आएंगे, तो किसी में नई साजिश कहानी को नया मोड़ देगी. आइए जानते हैं 5 बड़े टीवी शोज के लेटेस्ट स्पॉइलर्स.
‘अनुपमा’
स्टार प्लस के ‘अनुपमा’ के अपकमिंग एपिसोड में बड़ा ड्रामा देखने को मिलेगा. कुकिंग कॉम्पिटिशन जीतने के बाद अनुपमा अपनी प्राइज मनी से खुद का घर खरीदने का सपना देख रही है. दिग्विजय उसकी मदद के लिए एक प्रॉपर्टी डीलर से मुलाकात भी करवाता है, लेकिन इससे पहले ही शाह हाउस में नया बवाल खड़ा हो गया है. तोषू दावा करता है कि ‘अनु की रसोई’ में सभी ने बिना सैलरी काम किया था, इसलिए प्राइज मनी में उसका भी हिस्सा बनता है. वहीं पाखी अपनी बेटी ईशानी के नाम पर पैसों की मांग करती है.
‘वसुधा’
ज़ी टीवी के पॉपुलर शो ‘वसुधा’ के आने वाले एपिसोड में दर्शकों को जबरदस्त हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिलेगा. दादी साहब की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जाता है. देव घरवालों को फोन पर बताता है कि रातभर दादी सा को तेज दर्द रहा और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. ये खबर सुनते ही पूरे चौहान परिवार में हड़कंप मच जाता है. हालांकि, असली झटका तब लगता है जब अस्पताल पहुंचे देव और वसुधा को पता चलता है कि दादी साहब अपने वॉर्ड में नहीं हैं. देव घबराकर जोर से चिल्लाता है और फोन पर घरवालों को बताता है कि मां साहब अचानक अस्पताल से गायब हो गई हैं.
‘गंगा माई की बेटियां’
ज़ी टीवी के लोकप्रिय शो ‘गंगा माई की बेटियां’ के आने वाले एपिसोड में जबरदस्त ड्रामा देखने को मिलेगा. गंगा का ढाबा जलने के बाद पुलिस सिद्धू के ममेरे भाई को गिरफ्तार कर लेती है. जांच के दौरान ये खुलासा होता है कि इस आगजनी के पीछे ठकुराइन जी का हाथ था. सच सामने आने के बाद भी अमरपाल पीछे हटने को तैयार नहीं होता और कहता है कि अगर उनका एक तीर खाली गया तो क्या हुआ, उनके तरकश में अभी कई और ‘ब्रह्मास्त्र’ बाकी हैं. इससे साफ हो जाता है कि गंगा और उसकी बेटियों के खिलाफ एक नई साजिश रची जा रही है. वहीं, अपना सब कुछ जलकर राख हुआ देखकर गंगा पूरी तरह टूट जाती है.
‘तुम से तुम तक’
स्टार प्लस के शो ‘तुम से तुम तक’ के अपकमिंग एपिसोड में कहानी बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ लेने वाली है. अनु को आखिरकार वो रहस्यमयी किताब मिल जाती है, जो उसे लंबे समय से सपनों में दिखाई दे रही थी. इस किताब में आर्यवर्धन और राजेंद्र के अतीत से जुड़े कई राज दर्ज हैं. अपने अतीत को छिपाने के लिए आर्यवर्धन, झेंडे के साथ मिलकर उस किताब को हमेशा के लिए जला देने का फैसला करता है. हालांकि, सबसे बड़ा झटका तब लगता है जब अनु अपनी आंखों से आर्यवर्धन को किताब जलाते हुए देख लेती है.
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’
लोकप्रिय शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के आने वाले एपिसोड में शांतिनिकेतन में जबरदस्त हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिलेगा. पार्थ की मौत और दोहरे हत्याकांड की जांच के बीच पुलिस अचानक शांतिनिकेतन पहुंचकर तुलसी की नातिन गरिमा को गिरफ्तार कर लेगी. गरिमा की गिरफ्तारी से पूरे विरानी परिवार में हड़कंप मच जाएगा. वहीं, करण विरानी के सामने अपने ही बच्चों का ऐसा सच आएगा, जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी. दूसरी ओर, जेल से रिहा होने के बाद तुलसी विरानी, वैष्णवी को वापस शांतिनिकेतन लेकर आएगी, लेकिन वैष्णवी की वापसी करण को बिल्कुल पसंद नहीं आएगी और वो उसे अपनी बहू मानने से साफ इनकार कर देगा.
