टीवी के पसंदीदा शोज़ में दर्शकों को हाई-वोल्टेज ड्रामा और बड़े खुलासे देखने को मिलने वाले हैं. एक तरफ ‘अनुपमा’ में डायरी चोरी का आरोप प्रेम की जिंदगी में भूचाल ले आएगा, तो दूसरी ओर ‘वसुधा’ में चंद्रिका देवी की सच्चाई पूरे परिवार के सामने आने से रिश्तों की नींव हिल जाएगी. आइए जानते हैं उन 5 टीवी सीरियल्स में आगे क्या कुछ खास होने वाला है.
‘अनुपमा’
रुपाली गांगुली के पॉपुलर शो ‘अनुपमा’ के अपकमिंग एपिसोड में जबरदस्त इमोशनल ड्रामा देखने को मिलेगा. अनुपमा की डायरी चोरी का मामला तूल पकड़ लेगा, जिसके बाद प्रेम पूरे परिवार के निशाने पर आ जाएगा. काका गुस्से में प्रेम को थप्पड़ मार देंगे, लेकिन सबसे बड़ा झटका तब लगेगा जब प्रेम अपने बचाव में कुछ कहने के बजाय राही से ही उसे थप्पड़ मारने की जिद्द करेगा. वहीं, प्रेम अपनी हरकत के पीछे की वजह बताते हुए ऐसा सच सामने रखेगा, जो सभी को हैरान कर देगा.
‘वसुधा’
जी टीवी के लोकप्रिय शो ‘वसुधा’ के अपकमिंग एपिसोड में जबरदस्त हाई-वोल्टेज ड्रामा और चौंकाने वाले खुलासे देखने को मिलेंगे. मयूर पूरे परिवार के सामने चंद्रिका देवी का ऐसा सच उजागर करेगा, जिसे सुनकर दादी सा समेत राजवाड़ी परिवार के सभी सदस्य हैरान रह जाएंगे. दूसरी ओर, वसुधा को पता चलेगा कि उसके 100 किलो अचार के बिजनेस को बर्बाद करने के पीछे किसी और का नहीं, बल्कि चंद्रिका देवी का ही हाथ था. ये सच्चाई सामने आते ही वसुधा का भरोसा पूरी तरह टूट जाएगा. सबसे बड़ा झटका तब लगेगा, जब मुश्किल घड़ी में चंद्रिका देवी उसकी मदद करने से भी साफ इनकार कर देंगी, जिससे कहानी में नया और बड़ा मोड़ आ जाएगा.
‘तुम से तुम तक’
टीवी शो ‘तुम से तुम तक’ के अपकमिंग एपिसोड में कहानी एक ऐसे मोड़ पर पहुंचेगी, जहां कई सालों से छिपे राज धीरे-धीरे सामने आने लगेंगे. अनु के सामने अतीत की ऐसी परतें खुलेंगी, जो उसकी जिंदगी और आर्यवर्धन के रिश्ते को पूरी तरह बदल सकती हैं. सिद्धि मां, राजनांदिनी की असलियत से जुड़ा बड़ा सच उजागर करेंगी, जबकि जालंधर के खत का रहस्य भी सुलझना शुरू हो जाएगा. दूसरी ओर, आर्यवर्धन का बदला-बदला व्यवहार अनु के मन में कई सवाल खड़े कर देगा और उसे इस बात का एहसास होने लगेगा कि उससे कोई बहुत बड़ी सच्चाई छिपाई जा रही है.
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के अपकमिंग एपिसोड में शांतिनिकेतन एक बार फिर रिश्तों के टकराव, छिपे राज और इमोशनल ड्रामे का गवाह बनने वाला है. 10 साल जेल की सजा काटने के बाद घर लौटी तुलसी विरानी को अब अपनों की बेरुखी और नफरत का सामना करना पड़ रहा है. करण उसे स्वीकार करने से इनकार कर देगा. नंदिनी परिवार से एक ऐसा बड़ा सच छिपा रही है, जिसके सामने आते ही विरानी परिवार में नया तूफान खड़ा हो सकता है. इतना ही नहीं, तुलसी को गरिमा और समीरा की साजिश का भी पता चल जाएगा.
‘गंगा माई की बेटियां’
जी टीवी के लोकप्रिय शो ‘गंगा माई की बेटियां’ में दुर्गावती की नई चाल गंगा और उसकी बेटियों की जिंदगी में एक और मुश्किल खड़ी कर देगी, जबकि सिद्धू और स्नेहा के रिश्ते पर भी बड़ा संकट मंडराता नजर आएगा. दूसरी ओर, परिवार के भीतर पुराने गिले-शिकवे और गलतियों को लेकर बहस छिड़ेगी, जिससे घर का माहौल और तनावपूर्ण हो जाएगा. ऐसे में स्नेहा को अपने स्वाभिमान और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच कठिन फैसला लेना पड़ सकता है, जबकि सिद्धू भी अपनी मां की जिद्द और अपने प्यार के बीच उलझा रहेगा.
ये भी पढ़ें: गौरव खन्ना से तलाक के बाद शादी नहीं करेंगी आकांक्षा चमोला, बोलीं, ‘मैं अकेले ही रहूंगी’
