यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शनिवार (18 अप्रैल) को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की है. जानकारी के मुताबिक यूपी बीजेपी की टीम और प्रदेश के राजनीतिक मुद्दों पर दोनों के बीच बातचीत हुई. यूपी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में संभावित नामों पर भी शुरुआती चर्चा हुई. पंकज चौधरी ने इससे पहले शुक्रवार (17 अप्रैल) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी.
पंकज चौधरी ने शुक्रवार को प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के साथ भी अहम बैठक की थी. इसके बाद देर शाम उन्होंने पीएम मोदी से मुलाकात की. इन बैठकों को बेहद ही अहम माना जा रहा है.
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा तेज
बता दें कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर सियासी हलचल बढ़ी हुई है. प्रदेश की सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा हो रही है. चुनाव के मद्देनजर मंत्रिमंडल में नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है. वहीं वर्तमान में मंत्रियों की भूमिका में कुछ बदलाव की भी संभावना जताई जा रही है. माना जा रहा है कि क्षेत्रीय संतुलन बनाने और रणनीति के तहत ऐसा किया जा सकता है.
‘भारत माता के सम्मान पर आघात है…’, लोकसभा में गिरा महिला आरक्षण बिल तो भड़के CM योगी आदित्यनाथ
यूपी में बीजेपी की नई टीम भी होगी तैयार!
अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी संगठन को और मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है. बीजेपी संगठन में नई टीम बनाने की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है. ऐसा कहा जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व ने प्रदेश और संगठन दोनों के परफॉर्मेंस का आकलन किया है और उसी के आधार पर आगे की रणनीति बनाई जा रही है.
बीजेपी के 47वें स्थापना दिवस पर प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा था कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को ‘प्रश्न प्रदेश’ से ‘उत्तर प्रदेश’ बनाने का ऐतिहासिक काम किया है. उन्होंने कहा था, ”6 अप्रैल 1980 को अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में स्थापित BJP आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है. पार्टी की यह यात्रा संघर्ष, तपस्या और समर्पण का परिणाम है.”
महिला आरक्षण बिल गिरा तो अपर्णा यादव ने जलाया सपा-कांग्रेस का झंडा, कहा- देश माफ नहीं करेगा
