बिजनौर जिले की चाँदपुर सीट की विधानसभा संख्या 23 है. चाँदपुर की मिट्टी बेहद उपजाऊ है. यहाँ कृषि बड़े पैमाने पर होती है. चाँदपुर चीनी मिल ने इस क्षेत्र में कारोबार को और ज्यादा बढ़ावा दिया है. खांडसारी उद्योग के लिए भी चाँदपुर जाना जाता है.
2022 के विधानसभा चुनाव में चाँदपुर सीट से समाजवादी पार्टी के स्वामी ओमवेश चुनाव जीते. बीजेपी ने कमलेश सैनी को टिकट दिया था और बसपा ने शकील अहमद को प्रत्याशी बनाया. कांग्रेस ने उदित त्यागी को चुनावी में रण में उतारा था.
2026 के एसआईआर के बाद चाँदपुर विधानसभा सीट में 3,08,686 मतदाता बचे हैं. वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव के वक्त इस सीट पर मतदाताओं की कुल संख्या 3,30,159 थी. इस सीट पर 21,473 मतदाता कम हुए.
2022 किस पार्टी को कितने वोट मिले
चाँदपुर सीट पर सपा ने जाट समाज के प्रत्याशी को उतारा था, हालांकि वो अपने आप को आर्य समाजी कहते हैं. वहीं भाजपा ने सैनी समाज के प्रत्याशी को टिकट दिया था, जबकि बसपा ने मुस्लिम प्रत्याशी उतारा था. 2022 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम यूपी में सपा और आरएलडी का गठबंधन था और बीजेपी अकेले चुनाव लड़ रही थी.
2022 के विधानसभा चुनाव में चाँदपुर विधानसभा सीट के चुनावी नतीजों को भी देख लेते हैं. सपा को 90,522, बीजेपी को 90,288, बसपा को 37,359, AIMIM को 1,586 और कांग्रेस को 1,484 वोट मिले.
2022 के विधानसभा चुनाव में चाँदपुर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के स्वामी ओमवेश ने 234 वोटों से जीत दर्ज कर बीजेपी को हराया था. इस सीट पर भी बहुत कांटे का मुकाबला हुआ. सपा को 40.34 और बीजेपी को 40.24 प्रतिशत वोट मिले. यानि सपा और भाजपा के बीच सिर्फ 0.10 प्रतिशत वोटों का अंतर रहा.
मुस्लिम और जाट वोट बेहद अहम
सपा को मुस्लिम और जाट समाज का वोट मिला. जबकि बीजेपी को सैनी, राजपूत समेत अन्य ओबीसी का वोट हासिल हुआ. एससी के बाल्मीकि समाज का वोट भी बीजेपी की तरफ गया. गुर्जर मतदाता भी बीजेपी के साथ गए. बसपा को सिर्फ एससी समाज का वोट मिला. कांग्रेस पार्टी को डेढ़ हज़ार वोट भी नहीं मिल पाए.
2022 के बाद आरएलडी ने सपा गठबंधन से खुद को अलग कर लिया और 2024 लोकसभा चुनाव में बीजेपी से गठबंधन कर लिया. सपा और कांग्रेस का भी गठबंधन हो गया.नए राजनीतिक समीकरण के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में चाँदपुर विधानसभा सीट पर किस पार्टी को कितने वोट मिले-
1. सपा- 88,691
2. आरएलडी-बीजेपी गठबंधन- 78,075
3. बसपा- 29,149
जौनपुर में गायब हुए 5 सरकारी स्कूल! खोजने वालों को 1 लाख देंगे आप सांसद
2024 के चुनाव का सियासी समीकरण
2024 के लोकसभा चुनाव में चाँदपुर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के दीपक सैनी ने आरएलडी-बीजेपी उम्मीदवार चंदन चौहान को 10,616 वोटों से हरा दिया. 2024 के राजनीतिक गठबंधन और प्रत्याशी की जाति ने 2022 वाले समीकरण में पूरा बदलाव ला दिया. 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने सैनी समाज के नेता को टिकट दिया था तो सैनी समाज बीजेपी के पास गया. लेकिन जब 2024 में सैनी समाज का व्यक्ति सपा से लड़ा तो सैनी समाज का वोट सपा की तरफ चला गया.
इसके अलावा आरएलडी से गठबंधन करने के बाद बीजेपी को वोट 90 हज़ार से नीचे आकर 78 हज़ार पर रूक गया. यानि लगभग 12 हज़ार वोटों का नुकसान हुआ. 2024 में बीजेपी-आरएलडी को जाट वोट मिल गया और सपा को जाट वोट नहीं मिला. लेकिन सपा के सैनी प्रत्याशी के साथ कश्यप और प्रजापति का वोट चला गया. जबकि 2022 के विधानसभा चुनाव में कश्यप और प्रजापति का वोट बीजेपी को गया था.
बिजनौर की चाँदपुर सीट का सामाजिक समीकरण (अनुमानित)
1. मुस्लिम- 1.10 लाख
2. एससी- 50 हज़ार
3. सैनी- 40 हज़ार
4. जाट- 35 हज़ार
5. क्षत्रिय- 20 हज़ार
6. कश्यप- 9 हज़ार
7. गुर्जर- 9 हज़ार
8. प्रजापति- 7 हज़ार
9. यादव- 7 हज़ार
10. ब्राह्मण- 4 हज़ार
11. बनिया- 3 हज़ार
12. त्यागी- 3 हज़ार
13. पंजाबी- 3 हज़ार
चाँदपुर विधानसभा सीट पर मुस्लिम के बाद एससी और सैनी समाज का वोट सबसे ज़्यादा है. जाट व क्षत्रिय वोट बहुत निर्णायक है. वहीं ओबीसी की कई जातियों का थोड़ा थोड़ा वोट जीत का बड़ा सहारा माना जाता है.
UP Election 2027: बिजनौर में सपा-बीजेपी में सीधा मुकाबला, मुस्लिम वोटर्स पर है सभी की नजर
