सोशल मीडिया पर एक बार फिर गंगा की साफ-सफाई और लोगों की जिम्मेदारी को लेकर बहस छिड़ गई है. ऋषिकेश से सामने आए एक वायरल वीडियो ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर हम अपनी ही आस्था के प्रतीकों के साथ कैसा व्यवहार कर रहे हैं. गंगा, जिसे भारत में मां का दर्जा दिया जाता है और जिसकी पूजा बड़े श्रद्धा भाव से की जाती है, उसी के किनारे जब इस तरह की लापरवाही देखने को मिलती है तो सवाल उठना लाजमी है. वीडियो में दिख रही एक छोटी सी घटना अब एक बड़ी चर्चा का विषय बन गई है.
पूजा के बाद कचरे को गंगा किनारे दबाने लगी महिला
यह वीडियो ऋषिकेश के साई घाट का बताया जा रहा है. इसमें एक महिला गंगा किनारे रेत में छोटा सा गड्ढा खोदकर पूजा का कचरा दबाती दिखाई दे रही है. इस कचरे में प्लास्टिक जैसी चीजें भी शामिल थीं, जो पर्यावरण के लिए बेहद हानिकारक मानी जाती हैं. वीडियो को इंस्टाग्राम पर सिएरा लिलियन नाम की एक विदेशी महिला ने शेयर किया है. उन्होंने बताया कि वह गंगा किनारे बैठी थीं, तभी उन्होंने यह घटना देखी. उन्होंने महिला से सवाल करने की कोशिश भी की, लेकिन उस महिला ने उनकी बात को नजरअंदाज कर दिया.
विदेशी महिला ने रोका तो कर दिया नजरअंदाज
सिएरा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वह भारत से बहुत प्यार करती हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं उन्हें निराश कर देती हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि जब लोग गंगा मां की पूजा करते हैं, तो फिर उसी जगह पर कचरा क्यों फेंकते हैं. उनके मुताबिक, यह व्यवहार समझ से परे है. सिएरा ने यह भी कहा कि यह समस्या सिर्फ बुजुर्गों तक सीमित नहीं है. उनके अनुभव के अनुसार, ऋषिकेश में युवा लोग भी इसी तरह की आदतें अपना रहे हैं. उन्होंने इसे सार्वजनिक और धार्मिक जगहों के प्रति सम्मान की कमी बताया.
यह भी पढ़ें: Viral Video: गजब! तेल संकट के बीच कुत्ते की पीठ पर टंकी रख पेट्रोल भरवाने पहुंचा शख्स, वीडियो देख आएगी हंसी
यूजर्स बोले, पूजा के बाद कचरा नदी किनारे फेंकना गलत
वीडियो को सोशल मीडिया पर जैसे ही शेयर किया गया इसे लाखों लोगों ने देख डाला तो वहीं कई लोगों ने इसे लाइक भी किया है. ऐसे में सोशल मीडिया यूजर्स वीडियो को लेकर तरह तरह के रिएक्शन दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा…आस्था आपको प्रकृति को खराब करने का लाइसेंस नहीं देती. एक और यूजर ने लिखा…पूजा पाठ अपनी जगह है, ध्यान रखें कि कुछ खराब ना हो. तो वहीं एक और यूजर ने लिखा…पूजा के बाद कचरा वहीं डाल देना किसी लिहाज से ठीक नहीं है.
यह भी पढ़ें: Viral Video: RCB जर्सी से हुआ नामकरण, महाराष्ट्र के कपल ने बेटे का नाम रखा विराट, वीडियो हुआ वायरल
