भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 23 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में उतरी युवा भारतीय टीम इस सीरीज की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेगी. हालांकि, हरारे में भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है, लेकिन मौजूदा फॉर्म को देखते हुए बल्लेबाजों के सामने आसान चुनौती नहीं होगी. आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भारतीय बल्लेबाजी संघर्ष करती नजर आई थी, ऐसे में इस सीरीज में खिलाड़ियों की असली परीक्षा होगी.
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में कैसा रहा है भारत का प्रदर्शन?
हरारे स्पोर्ट्स क्लब टीम इंडिया के लिए अब तक काफी सफल मैदान साबित हुआ है. भारत ने यहां जिम्बाब्वे के खिलाफ 11 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिनमें 7 मैच जीते हैं, जबकि 4 में हार का सामना करना पड़ा है. पिछले जिम्बाब्वे दौरे पर भी भारतीय टीम ने इसी मैदान पर दमदार प्रदर्शन किया था. जुलाई 2024 में भारत ने एक मुकाबला 100 रन के बड़े अंतर से जीता था, जबकि दूसरे मैच में 10 विकेट से जीत दर्ज कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया था. ऐसे में रिकॉर्ड भारतीय टीम के पक्ष में जरूर नजर आता है.
तेज गेंदबाज बढ़ा सकते हैं भारतीय बल्लेबाजों की मुश्किलें
हरारे की पिच पर शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को अच्छी मदद मिलने की उम्मीद है. अतिरिक्त उछाल और सीम मूवमेंट बल्लेबाजों के लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं. आयरलैंड और इंग्लैंड में भी भारतीय बल्लेबाज इसी तरह की परिस्थितियों में संघर्ष करते दिखाई दिए थे. जिम्बाब्वे के पास ब्लेसिंग मुजाराबानी और रिचर्ड नगारवा जैसे लंबे कद के तेज गेंदबाज हैं, जो नई गेंद से भारतीय बल्लेबाजी क्रम की कड़ी परीक्षा ले सकते हैं. ऐसे में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा से बड़ी पारियों की उम्मीद होगी.
दोनों टीमों के स्क्वॉड
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई.
यह भी पढ़ें- इंग्लैंड में हार से इन 4 खिलाड़ियों का करियर खतरे में, अब दोबारा भारत की वनडे टीम में नहीं मिलेगी जगह!
जिम्बाब्वे: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, बेन कुरेन, ब्रैड इवांस, क्लाइव मैडेंडे (विकेटकीपर), टिनोटेंडा मापोसा, तादिवानाशे मारुमानी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजाराबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, न्यूमैन न्यामुरी, मिल्टन शुंबा.
यह भी पढ़ें- ‘हार के डर…’, जिम्बाब्वे टी20 सीरीज से पहले श्रेयस अय्यर की प्रेस कॉन्फ्रेंस की मुख्य बातें
