नितेश तिवारी निर्देशित रणबीर कपूर और यश स्टारर ‘रामायण’ इस दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. वहीं इस बिग बजट और बिग स्टार्स वाली फिल्म से पहले, पौराणिक महाकाव्य पर बेस्ड एक और फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. हालांकि ये फिल्म कास्टिंग को लेकर पहले ही काफी आलोचना झेल रही है और ये बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं कर पाई है. वहीं अब इस फिल्म के प्रोड्यूसर ने रणबीर कपूर की रामायण की टीम पर अपनी फिल्म के निगेटिव मार्केटिंग करने का आरोप लगायाहै,
‘महाकाव्य’ के डायरेक्टर ने लगाये रणबीर की फिल्म की टीम पर आरोप
दरअसल ‘इंडिया टुडे’ को दिए इंटरव्यू में फिल्म के प्रोड्यूसर प्रकाश महोबिया ने अंजलि अरोड़ा स्टारर ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ के फ्लॉप होने पर बात की. उन्होंने रणबीर कपूर की फिल्म रामायण की टीम पर आरोप लगाये हैं कि वे उनकी फिल्म के बारे में नकारात्मक बातें फैला रहे हैं. उन्होंने ये भी दावा किया कि टीम अब इसे फिर से रिलीज करने की प्लानिंग कर रही है.
प्रकाश ने आरोप लगाया कि यूट्यूबर्स और इन्फ्लुएंसर्स के बीच फिल्म के बारे में नेगेटिव बातें फैलाई गईं, जिसकी वजह से कई लोगों ने इसे देखने का मौका ही नहीं दिया. उन्होंने कहा, “शुरू से ही नेगेटिव मार्केटिंग की गई. हमें अपने दर्शकों तक पहुंचने का मौका ही नहीं मिला. जिन लोगों ने हमारी फिल्म देखी, उन्हें यह बहुत पसंद आई. लेकिन अगर वे इसे देख ही नहीं पाए, तो वे अपनी राय कैसे बना सकते हैं?”
फिल्म के बारे में गलत जानकारी फैला रहे हैं
उन्होंने आगे कहा, “हमें जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक इसी विषय पर दूसरी फिल्में भी आ रही हैं, जो बड़े बजट की फिल्में हैं. जहां तक हमें पता है, यूट्यूबर्स, इन्फ्लुएंसर्स और दूसरे लोगों को नेगेटिव मार्केटिंग के कई मौके दिए गए हैं. वे गलत जानकारी फैला रहे हैं और लोगों से हमारी फिल्म न देखने के लिए कह रहे हैं.”
वहीं जब प्रकाश से पूछा गया कि क्या वह इस कथित कैंपेन के पीछे नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा की टीम का हाथ होने का आरोप लगा रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि उन्हें पक्का नहीं पता, लेकिन उन्हें ऐसा ही बताया गया था.
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ के बारे में
अभिषेक सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अंजलि अरोड़ा, देव शर्मा और रजनीश दुग्गल मुख्य भूमिकाओं में हैं. रिलीज से पहले, सीता के रोल के लिए अंजलि को कास्ट करने की वजह से इस फिल्म को विरोध का सामना करना पड़ा था. फिल्म के वीएफएक्स की भी काफी आलोचना हुई. वहीं रिलीज के बाद, दर्शकों ने कई कमियां भी बताईं, जिसमें एक पोस्टर भी शामिल था जिसमें वानर सेना के एक सदस्य को चश्मा पहने दिखाया गया था. फिल्म रिलीज होने के बाद भी आलोचना जारी रही
बता दें कि सैकनिल्क के मुताबिक इस फिल्म ने दुनिया भर में केवल 46 लाख की कमाई की है.
रणबीर कपूर की ‘रामायण’ के बारे में
बता दें कि रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है और इसे नमित मल्होत्रा व यश के सहयोग से बनाया जा रहा है. ये फिल्म दो पार्ट में रिलीज होगी और इसका बजट 4 हजार करोड़ बताया जा रहा है.
फिल्म की स्टार कास्ट की बात करें तो इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे. वहीं रवि दुबे, सनी देओल, रकुल प्रीत सिंह सहित कई अन्य कलाकार भी अहम भूमिका निभाते दिखेंगे. इसका पहला पार्ट इस दिवाली पर और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में रिलीज होने की उम्मीद है.
