आजमगढ़ की लालगंज सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद दारोगा प्रसाद सरोज पर गरीबों की जमीन कब्जाने का आरोप लगा है जिसे लेकर योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि हर घटना के पीछे आपके ही लोग क्यों शामिल होते हैं.
सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा- “अखिलेश भैया, सुबह की राम राम.. एक बात बताइये मित्र. क्या आपकी पार्टी के लोगों को गरीबों, पिछड़ों और दलितों को सताने में मज़ा आता है क्या? ये बात इसलिए पूछ रहा हूं क्योंकि लगभग हर रोज कहीं ना कहीं अपराध की खबरें सामने आती हैं और जब जांच होती है तो पता चलता है कि घटना के पीछे “आपके लोग” शामिल हैं.”
कैबिनेट मंत्री ने कहा-“हत्या, हुड़दंग से लेकर चोरी-छिनैती तक जैसी घटनाओं में आपके लोगों का हाथ क्यों रहता है? ऐसे लोगों को क्यों पार्टी में भर रखें हैं महाराज. ये पार्टी है या गैंग? बात आजमगढ़ की कर लेते हैं। आजमगढ़ के लालगंज के सपा सांसद का नाम भले ‘दरोगा’ प्रसाद सरोज हो मगर काम ‘लुटेरा’ वाला करते हैं. आपको उनका कांड पता चल ही गया होगा.”
सुभासपा चीफ ने कहा-“दरोगा नाम के लुटेरे को सांसद बनाये किस लिए हैं? ये सांसद सिर्फ गरीब पिछड़ों और दलितों पर जुल्म ही कर रहे हैं? जब देखो तब बदसलूकी और धमकी देकर जमीन कब्जा करने वाला कांड इनके रोज की आदत में शामिल हो गया है. इसके कांड के बारे में मेरी बात पर यकीन ना हो तो अपने भाई धर्मेंद्र जी से पूछ लीजिए, वो सब जानते हैं.”
उन्होंने आगे कहा-“आजमगढ़ के मोहनपुर पटवास गांव में गरीब दलित महिला का हक मारने वाले लुटेरा जी को समझाइए. गीता सरोज की जमीन कब्जा करने के लिए दरोगा उर्फ लुटेरा जी ने अपने दबंग बेटा-पोता को काम पर लगा रखा है. शराब के नशे में गाली-गलौज, धमकी देकर जमीन हड़प कर रहे हैं. 50 बीगहा जमीन-तलाब हड़प कर उस पर स्विमिंग पूल वाला फॉर्म हाउस बना लिए हैं और आप चुप बैठे हैं.”
सुभसपा प्रमुख ने कहा-“कब्जा तो किए ही हैं, कब्जे वाली जमीन पर चारों ओर से करेंट वाला तार अलग से लगवा दिए हैं ताकि कोई पिछड़ा दलित अगर वहां जाये तो करेंट से मर जाए. ये समाजवादी नहीं बल्कि सामंती सोच का नतीजा है. मित्र, हम चाहते हैं कि अगले साल नई सरकार में हमें मजबूत विपक्ष मिले. अच्छा विपक्ष बनने के लिए आपको मेहनत करनी होगी. इसलिए राजभर आपको सुझाव दे रहा है कि लुटेरे दारोगा जैसे लोगों पर काबू रखिए वरना नेता प्रतिपक्ष का पद भी गंवा बैठेंगे.”
सपा सांसद पर लगा आरोप
बता दें कि लालगंज तहसील के मोहनपुरी पटवार गाँव में ग्रामीणों ने सपा सांसद दारोगा प्रसाद पर उनकी ज़मीन पर अवैध कब्जा करने आरोप लगाया है. पीड़िता गीता सरोज ने इस संबंध में मंडलायुक्त से शिकायत की और न्याय नहीं मिलने पर मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्महत्या की चेतावनी दी है.
योगी कैबिनेट बैठक में 16 प्रस्तावों पर लगी मुहर, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना का भी नाम
