बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन ‘दृश्यम 3 द कन्क्लूजन’ में विजय सलगांवकर के तौर पर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं. मेकर्स ने इसे इस फ्रैंचाइजी का आखिरी पार्ट बताया है और यह भी साफ किया है कि यह मोहनलाल की ‘दृश्यम 3’ से अलग होगी. अजय देवगन की फिल्म को लेकर फैंस में जबरदस्त एक्साइटमेंट हैं.
इन सबके बीच अजय देवगन ने मोहनलाल से अपनी फिल् देखने की रिक्वेस्ट की थी. अब एक्टर ने बताया है कि आखिर मलयालम सुपरस्टार ‘दृश्यम 3 द कन्क्लूजन’ को क्यों नहीं देख पाए?
मोहनलाल ने क्यों नहीं देखी अजय देवगन की ‘दृश्यम 3′?
FICCI फ्रेम्स में बातचीत के दौरान, अजय ने फिल्म के बारे में मोहनलाल के साथ हुई अपनी बातचीत को याद करते हुए कहा, “असल में, मैंने लाल (मोहनलाल) सर को फ़ोन किया था, क्योंकि मैं चाहता था कि वह फिल्म देखें. जैसा कि उन्होंने (आलोक जैन) कहा कि वे बहुत अच्छा काम करते हैं, और इस बार हमने कहानी को बिल्कुल अलग दिशा दी है. इसलिए, मुझे लगा कि उनसे मंज़ूरी मिल जाए तो अच्छा रहेगा. मैं चाहता था कि वह फिल्म देखें, लेकिन वह छुट्टियों पर हैं. यह बहुत अच्छी बात है कि वह लगातार बातचीत करते रहे. मुझे लगता है कि वह जल्द ही वहां फिल्म देखेंगे.”
अजय देवगन बोले ‘दृश्यम 2′ से बेहतर है ‘दृश्यम 3′
उन्होंने आगे इस फ्रैंचाइजी को खत्म करने के बारे में बात करते हुए कहा, “यह इसकी एंडिंग भी है क्योंकि मुझे लगता है कि ‘दृश्यम’ जैसी फिल्म लिखना बहुत मुश्किल है. हम इसे एक शानदार मोड़ पर खत्म करना चाहते हैं, और जिस तरह से स्क्रिप्ट और फिल्म तैयार हुई है, मुझे लगता है कि हमें अभी इसे यहीं रोक देना चाहिए. मैंने कल फिल्म देखी, और मेरी निजी राय है कि यह ‘दृश्यम 2’ से भी बेहतर है. इसे लिखना आसान नहीं है. जैसा कि मैंने कहा, आपके पास राइटर और निर्देशक लिमिटेड हैं.”
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ के बारे में
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में अजय देवगन आखिरी बार विजय सलगांवकर का किरदार निभाते नजर आएंगे. इस फिल्म में श्रिया सरन, इशिता दत्ता, तबू और रजत कपूर की भी वापसी हो रही है. जयदीप अहलावत और प्रकाश राज इस फिल्म की कास्ट में नए सदस्य हैं. स्टार स्टूडियो18 द्वारा प्रेजेंट और आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक द्वारा प्रोड्यूस की गई यह फ़िल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
