Headlines

अजित पवार विमान हादसा: रोहित पवार ने CM फडणवीस पर लगाया विमानन कंपनी को बचाने का आरोप


अजित पवार के विमान हादसे को लेकर रोहित पवार ने आज तक कई लोगों द्वारा जानकारी दिए जाने का दावा किया. उन्होंने कहा कि इसी जानकारी के आधार पर अब तक उन्होंने कई अहम मुद्दे सामने रखे हैं. अजित दादा के विमान हादसे के पीछे कथित तौर पर जिम्मेदार VSR कंपनी के मालिक को महाराष्ट्र का एक नेता बचाने की कोशिश कर रहा है, ऐसा आरोप रोहित पवार ने पहले लगाया था. अब रोहित पवार ने उस नेता का नाम सार्वजनिक कर दिया है.

रोहित पवार ने आरोप लगाया कि राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ही VSR कंपनी के मालिक को बचाने की कोशिश कर रहे हैं. देवेंद्र फडणवीस, वी. के. सिंह के जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में मौजूद थे. रोहित पवार ने आरोप लगाया कि फडणवीस ही कंपनी के मालिक को बचाने का प्रयास कर रहे हैं. अगर इसमें कोई गलती है तो सरकार इसकी जांच करे, ऐसी चुनौती भी उन्होंने दी.

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भले ही इस सरकार ने वी. के. सिंह और उनकी कंपनी को बचाने की कोशिश की हो, लेकिन हमारी सरकार आने पर उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा. उनका यह भतीजा किसी को भी नहीं छोड़ेगा.

रोहित पवार का मुख्यमंत्री पर आरोप

रोहित पवार ने कहा, “वी. के. सिंह और VSR कंपनी को बचाने वाले देवेंद्र फडणवीस ही हैं, ऐसा हमारा पक्का मानना है. वे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री हैं. उनके पास सत्ता है, CID है. प्रधानमंत्री उनकी बात सुनते हैं और CBI भी उनकी बात सुन सकती है. लेकिन अब तक जांच क्यों नहीं हुई? इसकी मुख्य वजह यह है कि हमारे मुख्यमंत्री फडणवीस, वी. के. सिंह के करीबी हैं. ऐसा हमारा स्पष्ट मानना है.”

‘चाचा को न्याय नहीं दिला पाए तो गरीबों क्या न्याय दिलाएंगे’

रोहित पवार ने कहा, “अगर हम अपने चाचा को न्याय नहीं दिला पाए तो गरीबों को क्या न्याय दिलाएंगे? यह सवाल लगातार मेरे मन में आता है. दादा को न्याय दिलाने के लिए अगर मैं कुछ बातें सामने लाता हूं तो हो सकता है कि भविष्य में मेरा राजनीतिक करियर खतरे में पड़ जाए. लेकिन इसका मुझ पर कोई असर नहीं होगा. मैं जिस व्यक्ति का नाम ले रहा हूं, उसने अजित दादा की हत्या की है, ऐसा मैं नहीं कह रहा हूं. लेकिन अजित दादा के विमान हादसे से जुड़ी कंपनी के मालिक को बचाने की कोशिश उस व्यक्ति की ओर से की जा रही है, ऐसा हमें संदेह है.”

सबूत देने के बावजूद जांच नहीं- रोहित पवार

रोहित पवार ने आरोप लगाया कि अजित पवार के विमान हादसे की जांच के लिए सरकारी स्तर पर कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है. CBI भी इस मामले में FIR दर्ज करने के लिए तैयार नहीं है. उन्होंने कहा कि अजित दादा की पार्टी सत्ता में होने के बावजूद अगर इस मामले में कुछ नहीं कर पा रही है तो यह शर्मनाक है.

रोहित पवार ने यह भी दावा किया कि अजित पवार के बंगले के बाहर काला जादू किया गया था और इसमें कोंकण के एक नेता की भूमिका हो सकती है. उन्होंने कहा कि अजित दादा के विमान हादसे से जुड़े कई सबूत DGCA को दिए गए, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई. यह दुर्भाग्यपूर्ण है.

VSR कंपनी के ड्रग तस्करों से संबंध होने का आरोप

रोहित पवार ने दावा किया कि अजित पवार के निधन के दो दिन बाद ही VSR कंपनी के मालिक के बेटे रोहित सिंह ने अमेरिका में 18 करोड़ रुपये का घर खरीदा. उन्होंने आरोप लगाया कि रोहित सिंह ने जिस व्यक्ति से यह घर खरीदा, वह ड्रग्स तस्करी के कारोबार में शामिल है. साथ ही रोहित सिंह का एक बिजनेस पार्टनर भी कथित तौर पर ड्रग्स तस्करी में शामिल है. 

रोहित पवार के मुताबिक, ये लोग एक बार में 2,000 करोड़ रुपये की ड्रग्स तस्करी करते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि VSR कंपनी के सभी वित्तीय लेन-देन संदिग्ध हैं. कंपनी के पास भारी मात्रा में पैसा होने के कारण ही सत्ताधारी उसके खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत नहीं कर रहे हैं. इसी वजह से सत्ताधारी वी. के. सिंह को बचा रहे हैं.

रोहित पवार ने कहा, “जब तक इन लोगों की जांच नहीं होगी, तब तक सच्चाई सामने नहीं आएगी. वी. के. सिंह की 27 कंपनियां हैं. 868 करोड़ रुपये का पैसा कोलकाता की एक कंपनी के माध्यम से सफेद किया गया. लेकिन ED इस पर कोई सवाल नहीं पूछ रही है. यह दुर्भाग्यपूर्ण है.” उन्होंने कहा कि एक परिवार के सदस्य के तौर पर हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह हादसा था या साजिश.

उन्होंने आगे कहा, “हमारे पास पुलिस व्यवस्था या CBI नहीं है, लेकिन हमारे पास ईमानदार कार्यकर्ता हैं. अब तक कई लोगों ने हमें दादा के विमान हादसे से जुड़ी जानकारी दी है. उसी जानकारी के आधार पर हमने अब तक पांच प्रेजेंटेशन दिए हैं. आज भी जो अहम जानकारी सामने रख रहा हूं, उसके पीछे ऐसे ही लोगों का योगदान है.”

‘तटकरे और प्रफुल्ल पटेल मिलने आने वाले थे’

रोहित पवार ने कहा, “दादा के दौरे में बदलाव, विमान के समय में बदलाव जैसी कई बातें हमने पहले भी बताई थीं. दादा सड़क मार्ग से बारामती जाने वाले थे. लेकिन उस समय तटकरे और प्रफुल्ल पटेल का फोन आया और उन्होंने कहा कि वे मिलने आ रहे हैं. एक व्यक्ति का फोन आया और उसने कहा कि उसे अपनी फाइल पर दादा के हस्ताक्षर करवाने हैं. इसलिए दादा को रुकना पड़ा.” 

उन्होंने आगे कहा, “इसके बाद दादा का दौरा आगे बढ़ गया और उन्हें सड़क मार्ग से जाने के बजाय विमान से जाना पड़ा. दादा की ही पार्टी के दो नेताओं की वजह से उनका सड़क मार्ग से जाने का कार्यक्रम रुक गया और उन्हें विमान से जाना पड़ा.”

रोहित पवार ने आरोप लगाया कि अजित पवार के विमान हादसे के मामले में जांच एजेंसियों ने जानबूझकर देरी की. अजित दादा की पार्टी आज सत्ता में है और उसी पार्टी के विधायकों ने इस मामले में CBI जांच की मांग की थी, लेकिन अब तक यह मांग स्वीकार नहीं की गई है.

‘बारामती में FIR दर्ज करने से इनकार किया’

रोहित पवार ने कहा, “अजित दादा के मामले में हम सबसे पहले बारामती पुलिस स्टेशन गए थे. वहां के पुलिस अधिकारी शुरुआत में FIR दर्ज करने के लिए तैयार थे. लेकिन उन्हें किसी का फोन आया और बाद में उन्होंने FIR दर्ज करने से इनकार कर दिया.”

उन्होंने आगे कहा, “राज्य में कोई छोटी-मोटी घटना होती है तो उस पर भी FIR दर्ज हो जाती है. लेकिन इतना बड़ा नेता चला गया और उसके मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो रही है. इसलिए हमने कर्नाटक जाकर जीरो FIR दर्ज कराई. बाद में यह मामला महाराष्ट्र आया और CID को सौंपा गया. लेकिन CID ने इसे FIR के तौर पर स्वीकार करने के बजाय एक पूरक दस्तावेज के रूप में स्वीकार किया.”

‘दादा के बंगले के बाहर काला जादू, जांच क्यों नहीं?’

रोहित पवार ने कहा कि अजित दादा के विमान हादसे से एक दिन पहले और हादसे के बाद अगले तीन दिनों के दौरान समता पतसंस्था में करोड़ों रुपये का लेन-देन हुआ था. इसकी जानकारी सामाजिक कार्यकर्ता अंजली दमानिया ने दी है. इसी दौरान अजित दादा के बारामती स्थित घर के बाहर काला जादू किए जाने की बात भी सामने आई.

रोहित पवार ने कहा, “गौतम बुद्ध ने कहा है कि तीन चीजें ज्यादा समय तक छिपी नहीं रह सकतीं- सूर्य, चंद्रमा और सत्य. सत्य की रक्षा होनी चाहिए. मैं इसी सोच के साथ राजनीति करता हूं. कई लोग मेरा मजाक उड़ाते हैं कि मुझे सत्ता की राजनीति करना नहीं आता. लेकिन मेरे लिए सच्चाई सामने लाना ज्यादा महत्वपूर्ण है.”

रोहित पवार के आरोपों पर बीजेपी की प्रतिक्रिया

रोहित पवार द्वारा लगाए गए आरोपों पर बीजेपी की प्रतिक्रिया आई है. बीजेपी की ओर से कहा गया कि दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजितदादा पवार के विमान हादसे को लेकर रोहित पवार द्वारा लगाए गए आरोपों के पीछे का मकसद केवल स्व. अजितदादा की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम के महत्व को कम करना है. इसके अलावा इस पूरे घटनाक्रम का कोई दूसरा उद्देश्य नहीं है. 

बीजेपी प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान यह तीखी आलोचना की. बीजेपी नेता नवनाथ बन ने कहा आगे कहा गया कि आज उन्होंने जो कुछ किया, उससे उन्होंने वरिष्ठ नेता शरद पवार साहब के संस्कारों और महाराष्ट्र की परिपक्व राजनीतिक संस्कृति को मिट्टी में मिला दिया है. उनके इस कृत्य की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है. 

उन्होंने यह भी मांग की कि रोहित पवार द्वारा लगाए गए इन आरोपों पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) और आदरणीय शरद पवार साहब को भी तत्काल अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए. रोहित सिंह और उनकी वीएसआर कंपनी वर्ष 2013 से राजनीतिक दलों और राज्य सरकार को विमान सेवाएं उपलब्ध करा रही है. इसलिए केवल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ही नहीं, बल्कि कई राजनीतिक नेताओं ने भी उनके विमानों से यात्रा की है. 

उन्होंने कहा कि ऐसे में केवल रोहित सिंह ही नहीं, बल्कि कई पायलटों के साथ तमाम नेताओं के करीबी संबंध होना स्वाभाविक है. किसी की शादी में शामिल होना एक सामान्य बात है. इसी तरह कई पायलटों और सह-पायलटों के साथ नेताओं की तस्वीरें भी हैं. केवल एक तस्वीर के आधार पर इस तरह के आरोप लगाना बेहद निचले स्तर की राजनीति है.

महाराष्ट्र के इस चुनाव में बीजेपी को झटका, कांग्रेस समर्थित पैनल ने जीतीं 14 सीटें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *