बाबा नीम करौली की जिंदगी पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ को जबरदस्त कामयाबी मिल रही है. सिर्फ 2 करोड़ रुपये के छोटे बजट में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर चुकी है. फ़िल्म का क्रेज़ इतना ज्यादा है कि रिलीज के एक महीने से ज्यादा होने के बाद भी इसे देखने के लिए सिनेमाघरों में खूब दर्शकों की भीड़ पहुंच रही है. इस बीच दो राज्यों ने इसे टैक्स-फ़्री घोषित कर दिया है।
किन राज्यों ने ‘हनुमान अंश’ को टैक्स-फ़्री घोषित किया है?
इस महीने की शुरुआत में, उत्तराखंड सरकार ने राज्य में फिल्म ‘हनुमान अंश’ को टैक्स-फ्री करने का फैसला किया था. सरकार सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में फिल्म टिकटों पर लगने वाले स्टेट गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (एसजीएसटी) का बोझ उठाएगी, ताकि दर्शकों को टैक्स न देना पड़े.
उत्तराखंड के सूचना महानिदेशक और उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने राज्य के टैक्स विभाग को इस संबंध में जरूरी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
ये भी पढ़ें:-मंगलवार को फिर ‘हनुमान अंश’ की रही धूम, ‘हैवान’ की हालत हुई बुरी, जानें- ‘मिर्जापुर द मूवी’ का कलेक्शन
उत्तराखंड में क्यों टैक्स फ्री की गई ‘हनुमान अंश’ ?
इस बारे में घोषणा करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एएनआई को बताया, “बाबा नीम करौली महाराज पर ‘हनुमान अंश’ नाम की एक फीचर फिल्म बनाई गई है. यह एक बहुत ही आध्यात्मिक फिल्म है जिसे हर किसी को देखना चाहिए. जो लोग उनके बारे में पढ़ते हैं या उनकी मौजूदगी को महसूस करते हैं, वे उन्हें भगवान हनुमान का अवतार मानते हैं.
यह परिवार के साथ देखने लायक फिल्म है. इसमें बहुत खूबसूरती से दिखाया गया है कि कैसे भगवान के प्रति सच्ची भक्ति से उनका आशीर्वाद और कृपा मिलती है. बच्चों को भी यह फिल्म देखनी चाहिए क्योंकि यह जगह उत्तराखंड से गहराई से जुड़ी हुई है. हम चाहते हैं कि राज्य में ज्यादा से ज्यादा लोग इसे देखें, इसलिए हम इसे टैक्स-फ़्री कर रहे हैं.”
छत्तीसगढ़ में भी टैक्स फ्री हुई ‘हनुमान अंश’
बता दें कि उत्तराखंड के अलावा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में अपने परिवार के साथ ‘हनुमान अंश’ देखी और घोषणा की कि यह फिल्म राज्य में टैक्स-फ्री होगी.
‘हनुमान अंश’ का लेटेस्ट बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन क्या है?
बता दें कि ‘हनुमान अंश’ को सिनेमाघरों में रिलीज हुए 40 दिन पूरे हो चुके हैं. सैकनिल्क के मुताबिक 40वें दिन, यानी 15 सितंबर को, ‘हनुमान अंश’ ने 9 हजार 175 शो में कुल 8.25 करोड़ रुपये (नेट) कमाए. इसके साथ ही, फिल्म का भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन 272.90 करोड़ रुपये और कुल नेट कलेक्शन 231.13 करोड़ रुपये हो गया है.
ओवरसीज मार्केट में, फिल्म ने 40वें दिन 2 करोड़ रुपये कमाए, जिससे इसका कुल ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 18.50 करोड़ रुपये हो गया. फिल्म का दुनिया भर में कुल ग्रॉस कलेक्शन अब 291.40 करोड़ रुपये है.
ये भी पढ़ें:- भाई सोहेल खान के घर गणपति विसर्जन में पहुंचे सलमान, बप्पा की भक्ति में डूबे भाईजान
