‘कौन बनेगा करोड़पति’ में कभी कंटेस्टेंट्स कोई ऐसा इमोशनल किस्सा शेयर करते हैं जिससे अमिताभ बच्चन की आंखें भर आती हैं, तो कभी किसी मजाकिया किस्से से उनके चहरे पर हंसी खिल उठती है. हाल ही में केबीसी के 18वें सीजन में जयपुर की अलमास खान ने भी ऐसा ही एक मजेदार किस्सा सुनाया.
राज मंदिर में फिल्म देखने पहुंची थीं अलमास
जयपुर की रहने वाली अलमास खान ने केबीसी 18 में बताया कि उन्हें फिल्में देखना काफी पसंद है. उन्होंने अमिताभ बच्चन को अपने बचपन का एक किस्सा सुनाते हुए कहा, ‘मैं अपने कजिन्स के साथ जयपुर के मशहूर राज मंदिर थिएटर में आपकी फिल्म ‘मृत्युदाता’ देखने गई थीं. उस समय मैं काफी छोटी थीं और ‘मृत्युदाता’ अमिताभ बच्चन की पहली ऐसी फिल्म थी, जो मुझे याद है कि मैंने थिएटर में देखी थी. लेकिन मुझे फिल्म की कहानी ज्यादा समझ नहीं आई.’
फिल्म शुरू हुई और अलमास को आ गई नींद
अलमास ने बताया कि राज मंदिर की खूबसूरती और वहां चल रही एसी की वजह से उन्हें काफी कंफर्ट फील हुआ. इसी आराम के बीच फिल्म देखते-देखते उनकी आंख लग गई.
उन्होंने अमिताभ को बताया कि जब उनकी आंख खुली, तब तक फिल्म खत्म हो चुकी थी और स्क्रीन पर अमिताभ बच्चन का गाना चल रहा था. इसके बावजूद उन्होंने कहा कि उनके लिए खास बात यही रही कि अमिताभ की फिल्म देखने का उनका पहला यादगार अनुभव ‘मृत्युदाता’ से जुड़ा था.
अमिताभ ने पकड़ ली कहानी की मजेदार बात
अलमास की बात सुनकर अमिताभ बच्चन ने तुरंत उस हिस्से को पकड़ लिया, जो सुनने में थोड़ा मजेदार था. उन्होंने हंसते हुए कहा, ‘एक मिनट ठहर जाइए, सोते-सोते कैसे देख ली आपने? पिक्चर तो खत्म हो गई, तो क्या देखा आपने?’ उनकी ये बात सुनते ही सभी लोग हंस पड़े.
क्या है ‘मृत्युदाता’ से जुड़ी कहानी?
‘मृत्युदाता’ साल 1997 में रिलीज हुई अमिताभ बच्चन की फिल्म थी. इसका निर्देशन मेहुल कुमार ने किया था और फिल्म में अमिताभ ने डॉक्टर राम प्रसाद घायल का किरदार निभाया था. फिल्म में डिंपल कपाड़िया, करिश्मा कपूर और अरबाज अली खान भी नजर आए थे. यह फिल्म अमिताभ के करीब पांच साल के एक्टिंग ब्रेक के बाद बड़े पर्दे पर वापसी वाली फिल्मों में शामिल थी.
5 लाख रुपये लेकर ‘केबीसी’ से बाहर हुईं अलमास
अलमास खान ने ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के ‘इंडिया चैलेंजर वीक’ में हॉट सीट पर जगह बनाई थी. शो में उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़ी कई बातें भी साझा कीं. वह जयपुर में टिफिन सर्विस चलाती हैं और दो बच्चों की सिंगल मदर हैं. खेल के दौरान 12.5 लाख रुपये के सवाल का सही जवाब नहीं दे पाईं. जिसके बाद उन्होंने 5 लाख रुपये की रकम के साथ केबीसी में अपना सफर खत्म किया.
