लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे के परिजनों से फोन पर बातचीत कर उन्हें समर्थन का भरोसा दिया है. साहिल की पिछले सप्ताह आईआईटी बॉम्बे के पवई परिसर में कथित आत्महत्या के बाद परिवार ने संस्थान के प्रशासन और कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मामले की जांच फिलहाल मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच कर रही है.
राहुल गांधी ने परिजनों को दिया हरसंभव मदद का भरोसा
महाराष्ट्र कांग्रेस ने गुरुवार को बताया कि राहुल गांधी ने साहिल वाकोडे के परिजनों से फोन पर बातचीत की. उन्होंने परिवार के प्रति समर्थन जताते हुए न्याय की लड़ाई में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया. रिपोर्टों के अनुसार, राहुल गांधी ने साहिल के माता-पिता से वीडियो कॉल के जरिए भी बातचीत की. इस मामले को लेकर गुरुवार दोपहर यूथ कांग्रेस की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की जानी है. इसमें साहिल वाकोडे मामले को लेकर आगे की रणनीति और आंदोलन की दिशा की घोषणा किए जाने की संभावना है.
परिवार ने आईआईटी बॉम्बे प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
साहिल की मौत के बाद उसके परिवार ने आईआईटी बॉम्बे प्रशासन और कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार ने प्रोफेसर सूर्यनारायण दूल्ला समेत संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. मुंबई क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है. परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच जारी है. आईआईटी बॉम्बे ने पहले जारी अपनी जानकारी को लेकर बाद में खेद जताया था और कहा था कि साहिल की मौत से पहले की परिस्थितियों की जांच जारी है. संस्थान ने प्रोफेसर सूर्यनारायण दूल्ला को डीन के पद से भी हटा दिया है.
परीक्षा के दौरान मोबाइल और चैटजीपीटी के इस्तेमाल का मामला
साहिल वाकोडे ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग में द्वितीय वर्ष का छात्र था. संस्थान के अनुसार, परीक्षा के दौरान उसके पास मोबाइल फोन पाया गया था और वह चैटजीपीटी की मदद से सवालों के जवाब हासिल करने की कोशिश कर रहा था. इसके बाद परीक्षा प्रशिक्षक और विभाग प्रमुख ने साहिल से इस संबंध में बातचीत की थी.
संस्थान के अनुसार, बातचीत के दौरान छात्र को समझाया गया था और भरोसा दिलाया गया था कि इस घटना का उसके करियर पर कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा. बातचीत के बाद साहिल अपने हॉस्टल के कमरे में लौट गया. बाद में उसी शाम वह अपने कमरे में मृत पाया गया. घटना के बाद आईआईटी बॉम्बे परिसर में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था.
क्राइम ब्रांच ने दर्ज किए माता-पिता के बयान
मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को साहिल के माता-पिता के बयान दर्ज किए थे. परिवार ने प्रोफेसर सूर्यनारायण दूल्ला की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. परिवार ने साहिल के साथ कथित जातिगत भेदभाव और उत्पीड़न के भी आरोप लगाए हैं, जबकि इन आरोपों की जांच अभी जारी है. आईआईटी बॉम्बे ने कहा है कि साहिल की ओर से संस्थान के एससी-एसटी प्रकोष्ठ या प्रशासन के पास ऐसी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी. मुंबई क्राइम ब्रांच अब परीक्षा केंद्र और हॉस्टल से जुड़े साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज तथा घटना से पहले साहिल और संबंधित अधिकारियों के बीच हुई बातचीत समेत विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है.
