Headlines

नोएडा, हैदराबाद और पुणे…3 बसों में अग्निकांड, कई की मौतें, PM मोदी ने जताया दु:ख


उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात को बड़ा हादसा हो गया. पर्यटकों से भरी बस में आग लग गई. आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई. इस दुर्घटना में 9 लोग जिंदा जल गए हैं. इस दुर्घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक प्रकट किया है.

राष्ट्रपति मुर्मू ने लिखा, उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बस में आग लगने से लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं. इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.

मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये देंगे

पीएम मोदी ने शोक प्रकट किया है. उन्होंने लिखा, उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बस में आग लगने की घटना में लोगों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं. PMNRF से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.

सीएम योगी ने जताया शोक
सीएम योगी ने लिखा, यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बस में दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.

कैसे लगी आग
जेवर एयरपोर्ट के पास नोएडा से महोबा जा रही एक प्राइवेट डबल डेकर टूरिस्ट बस में अचानक भीषण आग लग गई. बस के ऊपर भारी मात्रा में लगेज रखकर चलने की भी जानकारी सामने आई है, जो आग लगने का एक कारण हो सकता है, हालांकि आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है.

मुंबई – पुणे हाईवे पर भी लगी आग
उदयपुर से पुणे जा रही एक निजी यात्री बस में भीषण आग लग गई. आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, AC में तकनीकी खराबी के चलते चलती बस में अचानक आग लगी. आग लगने का पता चलते ही सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. घटना मुंबई से पुणे जाते समय रायगढ़ में हिरानंदानी एस्टेट, खालापुर टोल नाके के पास आज सुबह करीब 7 बजे हुई. सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए.

हैदराबाद में चलती बस में लगी आग
गुरुवार तड़के हैदराबाद में करमनघाट हनुमान मंदिर के पास श्रीशैलम जा रही एक प्राइवेट ट्रैवल बस में आग लग गई. जिससे लगभग चालीस यात्री बाल-बाल बच गए. फायर अधिकारियों के अनुसार, बस रास्ते में अचानक आग की चपेट में आ गई. घटना के समय बस में 38 यात्री सवार थे. गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, क्योंकि आग बुझाने वाली गाड़ियों के मौके पर पहुंचने से पहले ही सभी यात्री जलती हुई बस से बाहर निकल गए थे. आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी.

ये भी पढ़ें: Hyderabad Bus Fire: आग का गोला बनी बस, 38 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान, देखें वीडियो



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *