समाजवादी पार्टी नेता आजम खान को ईडी द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में आज इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई हो रही है. जिसमें उनकी ओर से सीनियर वकील कपिल सिब्बल पक्ष रख रहे हैं. इस बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आजम खान के खिलाफ जारी कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने कहा कि जनता समय आने पर इसका जवाब देगी.
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसको लेकर अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया. जिसमें उन्होंने लिखा, “आजम खान के साथ जो मुसलसल नाइंसाफी हो रही है, उसका जवाब उप्र ही नहीं पूरे देश की जनता समय आने पर देगी. जुल्म करनेवाली भाजपा सरकार को ये याद रखना चाहिए कि सत्ता हमेशा किसी के हाथ में नही रहती है और सत्ता सदुपयोग के लिए होती है, दुरुपयोग के लिए नहीं. सब, सब समझ रहे हैं.”
यह भी पढ़ें: राहुल ने बढ़ाई अखिलेश की टेंशन? सपा चीफ को भेजी इन 181 सीटों की लिस्ट
31 अक्टूबर को ईडी ने गिरफ्तार किया था
सपा नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अक्टूबर में जमानत दे दी थी, लेकिन 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से रिहा होते ही ईडी ने उन्हें मौलान जौहर यूनिवर्सिटी में सरकारी धन के दुरुपयोग मामले में गिरफ्तार कर लिया था. सीबीआई की गाजियाबाद कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था.
इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई
ईडी की गिरफ्तारी के खिलाफ आज खान ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसे 5 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने इलाहबाद ट्रांसफर कर दिया था और अंतरिम विचार करने के निर्देश दिए थे. आज इस मामले में सुनवाई जारी है. आजम खान की ओर से सीनियर वकील कपिल सिब्बल दलील पेश कर रहे हैं. कपिल सिब्बल ने 31 अक्टूबर की ईडी की कार्रवाई को बदले की कार्रवाई बताया. जबकि ईडी ने इससे इंकार किया है. फिलहाल दोनों ओर से जिरह जारी थी. शाम तक हाईकोर्ट इस मामले में कोई फैसला दे सकता है.
यह भी पढ़ें: ‘सपा के सम्मेलन में दलित नाम का कोई व्यक्ति नहीं’, ब्रजेश पाठक ने किया दावा
