आज (25 अप्रैल) दोपहर में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच डबल हेडर का पहला मुकाबला खेला जाएगा. मैच से पहले दिल्ली को बड़ा बूस्ट मिला है. खराब स्थिति में नजर आ रही दिल्ली को यह बूस्ट अकेले दम पर मैच जिताने की दम रखता है. दरअसल दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) आईपीएल 2026 के लिए भारत आकर दिल्ली के साथ जुड़ गए हैं.
फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया के जरिए एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने स्टार्क के आने की जानकारी फैंस के साथ साझा की. वीडियो के कैप्शन में लिखा गया, “इंतजार के काबिल. वेल्कम बैक होम टाइगर.” हालांकि फ्रेंचाइजी की तरफ से यह साफ नहीं किया गया कि स्टार्क आज पंजाब के खिलाफ खेलेंगे या नहीं.
Worth the wait 💙❤️
Welcome back home, Tiger! 🐅 pic.twitter.com/cbd5Adjzxo
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) April 25, 2026
खत्म हुआ इंतजार
बता दें कि स्टार्क कंधे और कोहनी की इंजरी चलते सीजन की शुरुआत में दिल्ली का हिस्सा नहीं बन सके थे. टीम ने सीजन में 6 मैच खेल लिए हैं, जिसमें 3 में जीत हासिल की और 3 में हार का सामना किया. अब देखना दिलचस्प होगा कि स्टार्क के आने से दिल्ली को कितना फायदा होता है.
स्टार्क पर 11 करोड़ 75 लाख किए खर्च
स्टार्क को दिल्ली ने आईपीएल 2025 के लिए हुए मेगा ऑक्शन में 11 करोड़ 75 लाख रुपये में खरीदा था. इसके बाद टीम ने अगले सीजन के लिए स्टार्क को रिटेन किया था.
मिचेल स्टार्क का आईपीएल करियर
स्टार्क ने अब तक अपने आईपीएल करियर में 52 मुकाबले खेल लिए हैं. इन मैचों की 49 पारियों में गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 23.12 की औसत से 65 विकेट चटकाए हैं, जिसमें बेस्ट फिगर 5/35 का रहा. इसके अलावा वह 2 बार फोर विकेट हॉल भी अपने नाम कर चुके हैं. स्टार्क के लिए पिछला सीजन काफी शानदार रहा था. दिल्ली के लिए खेलते हुए उन्होंने 11 मैचों की 10 पारियों में 14 विकेट लिए थे.
बताते चलें कि अब तक स्टार्क तीन टीम के लिए खेल चुके हैं. उन्होंने आईपीएल करियर की शुरुआत 2014 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए की थी. इसके बाद 2024 में वह कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़े. अब दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं.
यह भी पढे़ं: आज दिल्ली और पंजाब के बीच मुकाबला, किसकी होगी जीत? मैच से पहले यहां मिलेगा जवाब
