Babar Azam Ruled Out: पाकिस्तान को 19 अगस्त (बुधवार) यानी कल से इंग्लैंड के खिलाफ हेडिंग्ले में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेलना है. मैच से पहले पाकिस्तान को कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) के रूप में बड़ा झटका है. इंजरी के चलते बाबर मुकाबले से बाहर हो गए हैं. अब सवाल यह उठ रहा है कि बाबर की जगह कप्तानी कौन करेगा?
बाबर की जगह सलमान अली आगा टीम की कमान संभालेंगे. इस बारे में टीम के कोच सरफराज अहमद ने खुलासा किया. सलमान को व्हाइट बॉल क्रिकेट में तो कप्तानी का अनुभव है, लेकिन रेड बॉल क्रिकेट में यह पहला मौका होगा कि जब वह पाकिस्तान की कप्तानी करेंगे. इससे पहले उन्होंने सिर्फ फर्स्ट क्लास मैच में कप्तानी की है.
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए कोच सरफराज ने कहा, “पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं हैं. उनकी जगह सलमान आगा कप्तानी करेंगे.”
वॉर्म-अप मैच में बाबर को लगी चोट
पाकिस्तान ने 13 अगस्त से प्रोफेशनल काउंटी क्लब सेलेक्ट इलेवन के खिलाफ एक 3 दिवसीय वॉर्म-अप मैच खेला था. इस मैच में बैटिंग के दौरान बाबर को हाथ में चोट लगी थी. अब इस इंजरी चलते बाबर को पहले टेस्ट से बाहर बैठना पड़ेगा. देखना यह दिलचस्प होगा कि क्या बाबर सीरीज के बाकी 2 टेस्ट में वापसी कर पाते हैं या नहीं.
बाबर की इंजरी पर सरफराज ने कहा, “बाबर मेडिकल टीम की देखभाल में हैं. उंगली में उन्हें दर्द है. दूसरे टेस्ट में अभी कुछ दिन बाकी हैं. उम्मीद करते हैं कि जब तक वह रिकवर हो जाएं.”
दोबारा कप्तान बने बाबर आजम
बाबर लंबे वक्त बाद हाल ही में दोबारा पाकिस्तान के कप्तान बने थे. दोबारा कप्तानी मिलने के बाद उन्होंने पहली टेस्ट सीरीज वेस्टइंडीज दौरे पर खेली थी. दो मैचों की यह सीरीज ड्रॉ पर समाप्त हुई थी. मेजबान वेस्टइंडीज ने पहला मुकाबला 90 रन से जीता था. इसके बाद पाकिस्तान ने वापसी करते हुए दूसरे टेस्ट में 8 विकेट से जीत अपने नाम की थी.
यह भी पढ़ें: रवींद्र जडेजा का शर्मनाक रिकॉर्ड, टेस्ट में सबसे ज्यादा ‘नो-बॉल’ फेंकने वाले बने गेंदबाज
