ऋतिक रोशन, अभय देओल और फरहान अख्तर जैसे सितारों से सजी फिल्म ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ को काफी पसंद किया गया था. जोया अख्तर के निर्देशन में बनी ये फिल्म साल 2011 में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर भी इसने खूब नोट छापे. अब सालों से ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ के सीक्वल का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए बड़ी खुशखबरी है.
जोया अख्तर ने किया कंफर्म
दरअसल, जोया अख्तर ने ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ के सीक्वल पर मुहर लगा दी है. उन्होंने ‘मॉनसून फिल्म फेस्टिवल’ में ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर’ से बातचीत के दौरान बताया कि फिल्म के सीक्वल पर काम चल रहा है. हालांकि, उन्होंने ये भी बताया कि फिल्म तभी आगे बढ़ेगी, जब कहानी आज के समय में इन किरदारों के हिसाब से सही लगेगी.
हम इस पर काम कर रहे हैं…
जब जोया अख्तर से ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा 2’ के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘हम इस पर काम कर रहे हैं. हमें नहीं पता कि क्या होगा और क्या नहीं… क्या हम इस मुकाम तक पहुंच पाएंगे कि आज इन किरदारों से दोबारा मिलना सही लगे, लेकिन अच्छा लगेगा. कहानी ऐसी होनी चाहिए जो आज के समय में इन किरदारों के साथ सही लगे.’
ये भी पढ़ें:-मंडे टेस्ट में पास हुई इमरान हाशमी की Awarapan 2, अक्षय-अजय की फिल्मों के रिकॉर्ड भी किए ध्वस्त
15 साल बाद फिर साथ आएंगे अर्जुन, कबीर और इमरान?
‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ साल 2011 में रिलीज हुई थी. फिल्म में ऋतिक रोशन ने अर्जुन, फरहान अख्तर ने इमरान और अभय देओल ने कबीर का किरदार निभाया था. तीन दोस्तों की स्पेन ट्रिप और वहां उनके रिश्तों में आए बदलाव की कहानी दर्शकों को काफी पसंद आई थी. फिल्म में कैटरीना कैफ, कल्कि कोचलिन और नसीरुद्दीन शाह भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे. रिलीज के 15 साल बाद भी ये फिल्म लोगों की पसंदीदा फिल्मों में शामिल है.
2025 में साथ दिखे थे ऋतिक, फरहान और अभय
‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा 2’ को लेकर चर्चा तब और तेज हो गई थी, जब साल 2025 में ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर और अभय देओल एक ऐड में साथ नजर आए थे. तीनों को एक बार फिर साथ देखकर फैंस काफी एक्साइटेड हो गए थे. कई लोगों को लगा कि यह ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा 2’ का ट्रेलर है.
ऐड में तीनों एक्टर्स को साथ देखकर सोशल मीडिया पर भी फिल्म के सीक्वल की मांग तेज हो गई थी. फैंस एक बार फिर अर्जुन, कबीर और इमरान को पर्दे पर देखने की उम्मीद करने लगे थे. अब अगर इसका सीक्वल बनता है, तो देखना दिलचस्प होगा कि 15 साल बाद अर्जुन, कबीर और इमरान की जिंदगी किस मोड़ पर पहुंची होगी.
ये भी पढ़ेंः सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ मंडे टेस्ट में पास हुई या फेल? जानें- चार दिनों का कलेक्शन
