Headlines

इंडियन वॉरशिप से टकराकर बर्बाद होने वाला PAK का जहाज PNS हुनैन कैसा था? जानें


अरब सागर के अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में भारतीय युद्धपोत से टकराने के बाद पाकिस्तानी नेवी का जहाज बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. पाकिस्तानी नेवी शिप PNS हुनैन को इस टक्कर के बाद अपने पोर्ट की ओर लौटता हुआ देखा गया. भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, इंडियन वॉरशिप नियमित निगरानी मिशन पर था. इसी दौरान पाकिस्तानी जहाज तेज रफ्तार में आया और गलत दिशा में मुड़ गया, जिससे दोनों की टक्कर हो गई.

इस मामले को लेकर भारत ने बुधवार (16 सितंबर 2026) को नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के चार्ज डी’अफेयर्स को विदेश मंत्रालय में तलब किया. भारत ने समुद्र में पाकिस्तानी नौसेना की यूनिट्स के अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर व्यवहार पर कड़ा विरोध दर्ज कराया. इस घटना से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पाकिस्तानी नौसेना का आचरण अप्रैल 1991 में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य अभ्यास, युद्धाभ्यास और सैनिकों की आवाजाही की अग्रिम सूचना पर हुए समझौते के अनुच्छेद 10 का सीधा उल्लंघन था.

पाकिस्तानी नेवी शिप PNS हुनैन की डिटेल

न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तानी शिप की पहचान ‘पीएनएस हुनैन’ (PNS Hunain) के रूप में की गई है. यह मल्टी-पर्पस मीडियम साइज का गश्ती जहाज है.  इसे रोमानिया के डेमन शिपयार्ड्स ने बनाया था और जुलाई 2024 में पाकिस्तानी नौसेना में शामिल किया था. यह पोत डेमन के ‘OPV 2600’ डिज़ाइन पर आधारित है और इसकी लंबाई लगभग 98 मीटर (322 फीट) है. हुनैन, पाकिस्तान के ‘यारमुक-क्लास’ गश्ती पोत प्रोग्राम का तीसरा जहाज है. इससे पहले के दो जहाज PNS यारमुक और PNS तबूक छोटे ‘OPV 2300’ डिजाइन पर बने थे, जो PNS हुनैन से लगभग 5 मीटर छोटे और 600 टन हल्के हैं.

ताकत और तकनीक के मामले में, यह जहाज इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम, हवा और समुद्र में जहाजों पर हमले से निपटने की क्षमता, आधुनिक सेंसर, सेल्फ-प्रोटेक्शन और टर्मिनल डिफेंस सिस्टम से लैस है. इसके हथियारों में 30-मिमी और 12.7-मिमी के रिमोट वेपन स्टेशन, सतह से सतह पर मार करने वाले मिसाइल लॉन्चर और 20-मिमी का क्लोज-इन वेपन सिस्टम शामिल हैं. समुद्र में सुरक्षा और निगरानी मिशन के लिए यह जहाज स्पीडबोट्स ले जाने के अलावा एक हेलीकॉप्टर और ड्रोन भी संभाल सकता है.

इस जहाज की फ्यूल कैपेसिटी करीब 300 क्यूबिक मीटर है और यह चार कैटरपिलर डीजल इंजनों से चलता है. इसमें 450-किलोवाट का बो थ्रस्टर और दो प्रोपेलर भी लगे हैं. 60 क्रू मेंबर्स की क्षमता वाले इस जहाज की टॉप स्पीड लगभग 22 नॉटिकल मील (41 किमी/घंटा) है. यह एक बार में करीब 6,000 नॉटिकल मील (11,112 किमी) की दूरी तय कर सकता है और बिना रुके लगातार 40 दिनों तक समुद्र में तैनात रह सकता है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *