तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी के पर्सनल सेक्रेटरी सुमित रॉय को सीआईडी ने गुरुवार (10 सितंबर) को गिरफ्तार कर लिया. सुप्रीम कोर्ट ने जैसे ही सुमित की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज किया, वैसे ही सीआईडी ने एक्शन लिया. अहम बात यह है कि सुमित रॉय अपने घर नहीं बल्कि अभिषेक बनर्जी के घर से गिरफ्तार हुए हैं. सालबोनी जमीन घोटाले से जुड़े मामले में उनके खिलाफ एक्शन हुआ है.
सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास से सुमित रॉय को गिरफ्तार किया है. सुप्रीम कोर्ट ने सालबोनी लैंड केस मामले में सुमित रॉय की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी. इससे पहले हुई सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने सुमित की गिरफ्तारी पर रोक लगाई थी, लेकिन उन्हें जांच में पूरा सहयोग करने का निर्देश दिया गया था.
सुमित ने कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में दी थी चुनौती
सुमित रॉय ने कलकत्ता हाईकोर्ट के 3 अगस्त के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी. सुमित ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था, लेकिन उन्हें यहां से भी निराशा हाथ लगी है. अब सुमित रॉय को शुक्रवार सुबह मेदिनीपुर अदालत में पेश किए जाने की संभावना है.
अदालत में बंगाल सरकार की तरफ से क्या कहा गया
गौरतलब है कि बंगाल सरकार ने बुधवार को उच्चतम न्यायालय में कहा कि सालबोनी जमीन हड़पने के मामले में तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी के निजी सचिव सुमित रॉय से हिरासत में पूछताछ जरूरी है, क्योंकि उसने एक बैंक खाते में बड़ी मात्रा में नकदी जमा की थी.
राज्य की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ को बताया कि जांच के दौरान रॉय सवालों के जवाब देने से बचता रहा.
यह भी पढ़ें : 5 राज्यों के चुनाव से पहले BJP बदल रही टीम, इन 7 चेहरों को बड़ी जिम्मेदारी
