Headlines

‘उन करोड़ों लोगों का धन्यवाद जिन्होंने…’, इंडिया गठबंधन मार्च के बाद राहुल का बयान


कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इंडिया गठबंधन की तरफ से सोमवार को निकाले गए सुप्रीम कोर्ट मार्च को लेकर कार्यकर्ताओं और लोगों का आभार जताया है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट साझा किया है.

राहुल गांधी ने कहा है कि आज के इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने वाले हर एक व्यक्ति का मैं दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं. उन करोड़ों लोगों का भी धन्यवाद, जिन्होंने दोपहर 3 बजे अपने-अपने तरीके से इस आंदोलन को समर्थन दिया. INDIA गठबंधन के नेताओं, कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और INDIA गठबंधन के तमाम कार्यकर्ताओं का भी बहुत-बहुत धन्यवाद.

आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण था: राहुल गांधी
 
उन्होंने कहा कि आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण था, क्योंकि हमें सरकार को यह दिखाना था कि भारत की जनता डरने वाली नहीं है. आप हमें मारिए, धमकाइए, डराने की कोशिश कीजिए, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं. हम आपकी गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेंगे. मैं सोच रहा था कि RSS के वो कायर लोग कहां थे, जो परसों हमारे युवा साथियों को पीट रहे थे? कहां थे वो लोग? आज तो मुझे उनमें से कोई दिखाई नहीं दिया.

राहुल ने कहा, ‘जब हम वहां खड़े हैं, जब देश की जनता वहां खड़ी है, तो तुम बाहर क्यों नहीं आते? अपनी छोटी-छोटी गमछियां पहनकर क्यों नहीं बाहर आते हो और देखते हो कि क्या होता है? क्योंकि तुम भी देश के प्रधानमंत्री की तरह सिर्फ गुंडागर्दी करना जानते हो. तुममें सामने आकर खड़े होने की हिम्मत नहीं है. तुम सिर्फ सत्ता और ताकत के दम पर लड़ सकते हो.’

जो कुछ हुआ, उसे देखकर खुशी होती है: राहुल गांधी

उन्होंने आगे पोस्ट में कहा कि इसलिए आज जो कुछ हुआ, उसे देखकर बहुत खुशी होती है. मुझे आप सभी पर गर्व है. सबने एक टीम की तरह काम किया. जैसा कि मैंने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, ये अलग-अलग प्रदर्शन नहीं हैं. यह एक ही आंदोलन है, जिसमें हम सब एक साथ खड़े हैं. हममें से हर एक व्यक्ति संविधान के इन हत्यारों, हमारे लोकतंत्र को कुचलने वालों के खिलाफ खड़ा होगा. और हम एक कदम भी पीछे नहीं हटेंगे.

सभी सिविल सोसाइटी का दिल से धन्यवाद: राहुल गांधी

राहुल ने कहा कि मैं उन सभी सिविल सोसाइटी संगठनों का भी दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं, जो आज हमारे साथ आए और जिन्होंने हमारा समर्थन किया. आपके समर्थन की हम कद्र करते हैं. हम आप सभी से मोहब्बत करते हैं. भारत की सोच, हमारे संविधान के विचार और हमारे लोकतंत्र की रक्षा के लिए आज सड़कों पर उतरने वाले हर व्यक्ति का धन्यवाद. मुझे उन सभी लोगों पर बेहद गर्व है, जो आज सड़कों पर उतरे.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *