बिहार के औरंगाबाद शहर में चोरों के हौसले बुलंद हैं. शहर की पॉश कॉलोनी वास्तु विहार में एक ही रात में चोरों ने चार बंद मकानों को निशाना बनाया है. इनमें बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार का आवास भी शामिल है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं.
रविवार देर रात चार चोर बाउंड्री फांदकर वास्तु विहार सोसाइटी में दाखिल हुए. इसके बाद उन्होंने एक-एक कर चार बंद घरों के ताले तोड़ दिए. हैरानी की बात यह रही कि करीब एक घंटे तक चोर वारदात को अंजाम देते रहे, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी. पूरी घटना सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.
यह भी पढ़ें- भरत तिवारी के परिवार से देर रात मिले पवन सिंह, कहा- ‘न्याय दिलाकर रहूंगा’
संतोष सिंह के घर से 20 लाख के गहने गायब
चोरों ने सबसे बड़ी वारदात संतोष सिंह के घर में की. बताया जा रहा है कि संतोष सिंह परिवार के साथ देवघर गए हुए थे. सोमवार सुबह जब उनकी पत्नी घर पहुंचीं तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला. अंदर जाने पर अलमारी टूटी हुई थी और घर से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले. घर का सामान बिखरा देखकर परिवार के लोग दंग रह गए.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का घर भी बना निशाना
चोरों ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार के बंद मकान को भी नहीं छोड़ा. बताया गया कि राजेश कुमार एक दिन पहले ही घर बंद कर पटना गए थे. वहीं घर की देखभाल करने वाला केयरटेकर भी रविवार शाम गांव चला गया था. पीछे से चोरों ने घर का ताला तोड़ दिया. सूचना मिलने पर कांग्रेस नेता सूरज राय मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी.
लोगों में गुस्सा, पुलिस पर उठे सवाल
घटना के बाद वास्तु विहार के लोगों में नाराजगी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 14 महीने पहले भी कॉलोनी में चोरी की घटनाएं हुई थीं, लेकिन अब तक पुलिस किसी बड़े खुलासे तक नहीं पहुंच सकी है. लोगों का कहना है कि जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का घर सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे होगी. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
राजेश कुमार बोले- बिहार में कोई सुरक्षित नहीं
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि उनके घर से क्या चोरी हुआ यह बड़ा मुद्दा नहीं है, बल्कि सवाल यह है कि बिहार में आम आदमी कितना सुरक्षित है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और अपराधियों में पुलिस का डर खत्म हो गया है. फिलहाल मुफस्सिल थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश करने का दावा कर रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- बिहार: मधेपुरा के मंदिर में सावन के सोमवार पर भगदड़, कई श्रद्धालु घायल
