कुलदीप यादव ने इंग्लैंड की धरती पर अपनी फिरकी का ऐसा कमाल दिखाया कि एसेक्स के बल्लेबाजों के लिए टिकना मुश्किल हो गया. लीड्स के हेडिंग्ले में यॉर्कशायर के लिए खेलते हुए कुलदीप ने दोनों पारियों में मिलाकर 10 विकेट झटके. पहली पारी में 4 विकेट लेने वाले कुलदीप ने दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर फर्स्ट क्लास क्रिकेट के खास रिकॉर्ड में दर्ज करा दिया.
यॉर्कशायर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 390 रन बनाए. इस दौरान कुलदीप ने बल्ले से भी टीम के लिए योगदान दिया और 94 गेंदों पर 36 रन बनाए. इसके बाद गेंदबाजी की बारी आई तो कुलदीप ने एसेक्स की पहली पारी में 70 रन देकर 4 विकेट झटके. एसेक्स की टीम 171 रन पर सिमट गई.
कुलदीप यादव की टर्न से आई शेन वॉर्न की याद
कुलदीप के शानदार प्रदर्शन में उनकी गेंदों का टर्न और कंट्रोल खास नजर आया. इसी वजह से सोशल मीडिया पर उनके प्रदर्शन की तुलना महान स्पिनर शेन वॉर्न से की जा रही है. लेकिन कुलदीप का प्रदर्शन अपने आप में खास रहा. कुलदीप की टर्न का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो देखकर आप भी कहने पर मजबूर हो जाएंगे कि उनके अंदर शेन वॉर्न की आत्मा घुस गई.
यह भी पढ़े: वैभव सूर्यवंशी का भविष्य में कप्तान बनना तय! जानें क्यों तेज हुई चर्चा
दूसरी पारी में 6 विकेट का कहर
फॉलोऑन खेलने उतरी एसेक्स की टीम दूसरी पारी में भी कुलदीप की गेंदों का सामना नहीं कर सकी. कुलदीप ने 50 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए. एसेक्स की पूरी टीम 113 रन पर ऑलआउट हो गई. इस तरह कुलदीप ने मैच में कुल 120 रन देकर 10 विकेट लिए. यह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका पहला 10 विकेट हॉल और करियर का सबसे बेहतरीन मैच प्रदर्शन है.
Unbelievable turn 😱 Kuldeep Yadav 🔥 pic.twitter.com/FSfpCMHp5h
— Mukku (@Cric_Mukku) September 10, 2026
यॉर्कशायर ने पारी और 106 रन से जीता मैच
कुलदीप के शानदार प्रदर्शन के दम पर यॉर्कशायर ने एसेक्स को एक पारी और 106 रन से हरा दिया. मैच तीसरे दिन ही खत्म हो गया. दूसरी पारी में 6 विकेट लेने वाले कुलदीप इस जीत के सबसे बड़े सितारों में रहे. इस जीत से यॉर्कशायर की डिविजन-1 में जगह लगभग सुरक्षित हो गई.
यह भी पढ़े:मोहम्मद शमी ने खींची वैभव सूर्यवंशी की टांग, ‘तुम्हारी उम्र से बड़ा मेरा…’
