Headlines

केएल राहुल की इंजरी पर टीम इंडिया के कोच ने दिया अपडेट, जानें क्या कहा


भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के पहले दिन टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा. तीसरे सेशन से पहले टीम इंडिया के उपकप्तान केएल राहुल चोटिल हो गए. इसके बाद उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा. राहुल ने 9 चौके और 1 छक्के की मदद से 77* रन बना लिए थे. वह धीरे-धीरे शतक के करीब पहुंच रहे थे, लेकिन अचानक उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा. दिन का खेल खत्म होने के बाद टीम इंडिया के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने राहुल की इंजरी पर अपडेट दिया है. कोटक ने बताया कि राहुल को मांसपेशियों में खिंचाव हो रहा था.

टीम इंडिया के बैटिंग कोच ने केएल राहुल पर दिया अपडेट

पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद टीम इंडिया के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने कहा, “केएल राहुल ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की. मुझे लगता है कि उसे सिर्फ मासंपेशियों में खिंचाव हो रहा था. दिन के अंत तक वह ठीक था. जब आपको खिंचाव होने लगता है तो यह ‘हैमस्ट्रिंग’, ग्रोइन या हाथ में भी हो सकता है. लेकिन इस समय वह बिल्कुल ठीक दिख रहा है. इसलिए उम्मीद है कि वह कल खेलने के लिए पूरी तरह तैयार होगा.”

भारतीय बैटिंग कोच राहुल की बल्लेबाजी में मौजूद लचीलेपन से भी काफी खुश नजर आए. राहुल सीमित ओवरों के क्रिकेट में निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हैं, जबकि टेस्ट क्रिकेट में पारी की शुरुआत कर रहे हैं. उन्होंने कहा, “वह ऐसे खिलाड़ी हैं कि जब वह वनडे खेलते हैं, जैसा कि आपने देखा है, तो नंबर छह या पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं. जब आप एक अनुभवी बल्लेबाज होते हैं और किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी करने व टीम की मदद करने के लिए तैयार रहते हैं तो यह एक शानदार खिलाड़ी होने का सबूत है.”

उन्होंने आगे कहा, “वह टीम के लिए बहुत उपयोगी खिलाड़ी हैं. लाल गेंद के क्रिकेट में वह पारी का आगाज करते हैं और वनडे में जहां जरूरत होती है, वहां बल्लेबाजी करते हैं. जिस तरह वह अभी बल्लेबाजी कर रहे हैं, वह काफी जिम्मेदारी ले रहे हैं, साझेदारियां बनाने की कोशिश कर रहे हैं और यह बहुत अच्छी बात है. वह लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं.”

‘आगे चलकर पिच स्पिनर्स के लिए मददगार हो सकती है’

गॉल की पिच पर पहले दिन बल्लेबाजों को काफी मदद मिली. कोटक का मानना है कि आने वाले दिनों में पिच स्पिनरों के लिए ज्यादा मददगार हो सकती है. उन्होंने कहा, “पिच थोड़ी सूखी तरफ है और फिलहाल यह पूरी तरह बल्लेबाजी के लिए अच्छी विकेट है. आम तौर पर गेंद बल्ले पर बहुत अच्छी तरह आती है और ज्यादा स्पिन नहीं होती. हमारे लिए दो विकेट पर 288 रन का स्कोर अच्छा संकेत है.”

भारत के नाम रहा गॉल टेस्ट का पहला दिन

भारत और श्रीलंका के बीच गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट का पहला दिन टीम इंडिया के नाम रहा. बारिश की वजह से पहले दिन सिर्फ 73 ओवर का खेल हो सका. इस दौरान टीम इंडिया ने दो विकेट खोकर 288 रन बनाए. स्टम्प्स के समय देवदत्त पडिक्कल 131 और ऋषभ पंत 27 रनों पर नाबाद लौटे. वहीं केएल राहुल 77 रनों पर रिटायर्ड हर्ट हुए. इससे पहले यशस्वी जायसवाल 37 गेंद में पांच चौकों की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए. वह रन आउट होकर पवेलियन लौटे. कप्तान शुभमन गिल 28 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हुए. उन्हें प्रभात जयसूर्या ने आउट किया. श्रीलंका की तरफ से एकमात्र सफलता प्रभात जयसूर्या ने हासिल की, जिन्होंने 24 ओवरों में 77 रन देकर 1 विकेट निकाला है. 

यह भी पढ़ें- 

21वीं सदी में शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय, देवदत्त पडिक्कल का पहले टेस्ट में कमाल



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *