Headlines

कोटा के वोटर लिस्ट में मतदाता की जगह हनुमान जी की तस्वीर, 10 दिन से तलाश


कोटा नगर निगम चुनाव के बीच वार्ड नंबर 29 की मतदाता सूची में अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां एक मतदाता के नाम के सामने उसकी तस्वीर की जगह भगवान हनुमान जी महाराज की फोटो लगी हुई है. मामला सामने आने के बाद संबंधित मतदाता की तलाश की जा रही है और चुनावी प्रक्रिया पर भी सवाल उठने लगे हैं.

मामला वार्ड 29 की भाग संख्या 12 का है. मतदाता सूची में क्रमांक 1294 पर 35 वर्षीय जगदीश पुत्र रामचंद्र का नाम दर्ज है. उनका पता प्रेम नगर सेकंड, कंसुआ क्षेत्र के मकान नंबर 6 के रूप में दर्ज है. हालांकि फोटो वाले स्थान पर जगदीश की तस्वीर के बजाय हनुमान जी की फोटो लगी है.

यह भी पढ़ें- जयपुर: ज्वेलरी शॉप से 20 लाख की अंगूठियां लेकर भागी युवती, CCTV में घटना कैद

10 दिन से बीएलओ कर रहे तलाश

बताया गया है कि क्षेत्र के बीएलओ करीब 10 दिनों से जगदीश की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनका पता नहीं चल पाया है. मतदाता सूची में मोबाइल नंबर भी दर्ज नहीं है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि संबंधित व्यक्ति का सत्यापन किस तरह हुआ और उसकी तस्वीर की जगह दूसरी फोटो कैसे लग गई.

बीएलओ बोले- हमने नहीं जोड़ा नाम

बीएलओ राजेश गुप्ता ने बताया कि उन्होंने न तो इस नाम का सत्यापन किया और न ही मतदाता का नाम सूची में जोड़ा है. उनके मुताबिक एसआईआर के बाद यह नाम सूची में जुड़ा. कुछ आवेदन सीधे कार्यालय में भी आए थे. मामले की जानकारी रिटर्निंग ऑफिसर को दे दी गई है.

मानवीय गलती या कुछ और?

वार्ड 29 के भाजपा प्रत्याशी बद्री आर्य ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी कार्यकर्ताओं के जरिए मिली. उन्होंने संभावना जताई कि संबंधित व्यक्ति वास्तविक मतदाता हो सकता है और तस्वीर लगाने में गलती हुई हो. फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर जांच और मतदाता की तलाश जारी है.

इस मामले ने मतदाता सूची तैयार करने और सत्यापन प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर फोटो बदलने की गलती कहां हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा. बीएलओ ने बताया कि वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में भी एक मतदाता की तस्वीर की जगह अलमारी की फोटो लगने का मामला सामने आया था, जिसे बाद में दुरुस्त कर दिया गया था.

यह भी पढ़ें- भीलवाड़ा नगर निगम चुनाव में BJP का गढ़ दांव पर, 229 निर्दलीयों ने बढ़ाई टेंशन



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *