राजस्थान के कोटा शहर में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब दिनदहाड़े ज्वेलर्स की दुकानों को भी निशाना बनाया जा रहा है. जवाहर नगर थाना क्षेत्र के तलवंडी इलाके में सोमवार दोपहर एक ज्वेलर्स की दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचे बदमाश ने शातिर अंदाज में करीब 7-8 लाख रुपए कीमत की पांच सोने की चेन पार कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश दुकान के बाहर बाइक स्टार्ट करके खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गया. पूरी वारदात कुछ ही पलों में अंजाम दी गई.
वारदात तलवंडी स्थित महावीर ज्वेलर्स की है. दुकान संचालक मुकुट बिहारी सोनी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 4 बजे एक युवक दुकान पर पहुंचा. उसने लाल रंग की कैप पहन रखी थी. दुकान में आते ही उसने अंगूठियां दिखाने को कहा. दुकानदार ने उसे कई अंगूठियां दिखाई. इसके बाद युवक ने सोने की चेन देखने की इच्छा जताई.
दुकानदार ने उसे सोने की चेन दिखानी शुरू कर दी. इसी दौरान बदमाश ने किसी परिचित को वीडियो कॉल कर चेन दिखाने का बहाना बनाया और एक-एक करके ज्वेलरी के आइटम दिखाने लगा. दुकानदार इसी प्रक्रिया में उलझा रहा. इसी बीच सामान व्यवस्थित करने के लिए जैसे ही दुकानदार पीछे मुड़ा, बदमाश ने मौका देखकर पांच सोने की चेन उठा लीं और दुकान से बाहर निकलकर भाग गया.
बाहर 50 मीटर दूर बाइक लेकर तैयार था साथी
वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाश ने पहले से पूरी तैयारी कर रखी थी. दुकान के बाहर करीब 50 मीटर की दूरी पर उसका दूसरा साथी पल्सर बाइक स्टार्ट करके खड़ा था. दुकान से चेन लेकर निकला बदमाश सीधे बाइक पर पहुंचा और साथी के साथ बैठकर फरार हो गया. दुकानदार कुछ समझ पाता, उससे पहले दोनों बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे.
9-10 ग्राम की पांच चेन ले गया बदमाश
पीड़ित मुकुट बिहारी सोनी के अनुसार बदमाश दुकान से 9 से 10 ग्राम वजन की पांच सोने की चेन चोरी कर ले गया. चोरी गई चेन की कुल कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
दिनदहाड़े ज्वेलर्स की दुकान में चोरी की सूचना मिलने पर जवाहर नगर थाना पुलिस सक्रिय हुई. थाना सीआई मुकेश मीणा ने बताया कि दुकान में चोरी की सूचना मिली है. पुलिस टीम मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं.
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने बाजार में व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्राहक बनकर दुकान में घुसना, दुकानदार को बातचीत और वीडियो कॉल में उलझाना तथा बाहर साथी का बाइक लेकर तैयार रहना बदमाशों की सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देने की ओर इशारा करता है.
ये भी पढ़ें: ‘जिस थाली में खाते हैं, उसी में छेद’, कांग्रेस नेता बीडी कल्ला ने किस पर साधा निशाना?
