मध्य प्रदेश के गुना जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे. यहां रिफाइंड ऑयल से भरा एक टैंकर अचानक पलट गया. टैंकर के पलटते ही उसमें से बड़ी मात्रा में तेल सड़क पर बहने लगा. जैसे ही आसपास के लोगों को इसकी जानकारी हुई, कई लोग बाल्टी, डिब्बे और दूसरे बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए. लोग सड़क पर बह रहे तेल को भरकर अपने घर ले जाने की कोशिश करने लगे.
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि सड़क पर पलटा हुआ टैंकर पड़ा है और उससे लगातार तेल बाहर निकल रहा है. इसी बीच कई लोग अपने-अपने बर्तन लेकर तेल इकट्ठा करने में जुटे हुए हैं. किसी के हाथ में बाल्टी है तो कोई कैन लेकर तेल भरने की कोशिश कर रहा है.
तेल बहता देख मौके पर जुटी भीड़
बताया जा रहा है कि टैंकर के पलटने के बाद काफी मात्रा में रिफाइंड ऑयल सड़क पर फैल गया था. तेल को लगातार बहता देखकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचने लगे. देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई. कई लोग तेल को बर्बाद होने से बचाने के नाम पर उसे अपने बर्तनों में भरने लगे.
मध्यप्रदेश में तेल का टेंकर पलट गया बस फिर क्या था हमनें भारतीय होने का फ़र्ज़ निभाया और टूट पड़े तेल लेने, अगर गलती से आग लग जाती तो क्या है 145 करोड़ है कितने कम होते? pic.twitter.com/HeKlZu5Qym
— SWAMI RAJ (@swamiraj636) August 24, 2026
लेकिन मामला सिर्फ तेल बर्बाद होने तक सीमित नहीं था. सड़क पर फैला तेल और आसपास मौजूद भीड़ किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी. हालात को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को वहां से हटाना शुरू किया.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी लोगों को मौके से दूर करते हुए दिखाई दे रहे हैं. पुलिस ने लोगों को समझाया कि टैंकर से लगातार तेल का रिसाव हो रहा है और ऐसी स्थिति में वहां ज्यादा लोगों का जमा होना खतरनाक हो सकता है. इसके बाद पुलिस ने भीड़ को मौके से हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया.
घटना में कितना तेल सड़क पर बहा और इससे कितने रुपये का नुकसान हुआ, इसकी सटीक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है. वहीं, टैंकर किस वजह से पलटा और हादसे में कोई घायल हुआ या नहीं, इसकी भी विस्तृत जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी.
शिवपुरी में भी हुआ था ऐसा ही मामला
मध्य प्रदेश में इस तरह तेल बहने की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले 27 जुलाई को शिवपुरी जिले में NH-46 पर लुकवासा बायपास के पास डीजल से भरा एक टैंकर पलट गया था. बताया गया कि ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था, जिसके बाद टैंकर सड़क पर पलट गया. हादसे में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया था. स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया.
इस हादसे के बाद वहां भी बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए थे. टैंकर से डीजल का रिसाव हो रहा था और लोग बाल्टी व दूसरे बर्तनों में डीजल भरने लगे थे. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. बाद में पुलिस और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और लोगों को चेतावनी दी कि डीजल बेहद ज्वलनशील होता है और वहां खड़े रहना जानलेवा साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ें: 50 और 10 का नोट जोड़कर चीज खरीदने पहुंच गई मासूम, दुकानदार का रिएक्शन वायरल
यूजर्स बोले, कुछ भी मुफ्त मिले हम भीड़ लगा ही लेते हैं
गुना की ताजा घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इसे अलग-अलग अंदाज में शेयर कर रहे हैं. बढ़ती महंगाई के बीच सड़क पर तेल बहता देखकर लोगों का उसे बर्तनों में भरने के लिए दौड़ना ही इस वीडियो को चर्चा में ला रहा है. हालांकि, ऐसे हादसों में तेल इकट्ठा करने के बजाय मौके से दूरी बनाए रखना ज्यादा सुरक्षित होता है. एक यूजर ने लिखा…हमें कुछ भी मुफ्त दे दो हम भीड़ लगा ही लेते हैं. एक और यूजर ने लिखा…कैसे कैसे लोग हैं, ये सब क्या देखना पड़ रहा है.
यह भी पढ़ें: अब करो चोरी… ट्रेन में फोन चोर को महिला ने ऐसे दबोचा कि वायरल हो गया वीडियो
