चंडीगढ़ में सेक्टर 43 बस स्टैंड के पास संदिग्ध IED और विस्फोटक मिला, जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में चंडीगढ़ में टेररिस्ट एक्टिविटी को अंजाम देने की संभावित योजना का पता चला है. इस मामले में 3 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. चंडीगढ़ पुलिस ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़ी जानकारी की जांच और पुष्टि के बाद आगे की सूचना दी जाएगी.
चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार 22 अगस्त 2026 को बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े संदिग्ध लोगों की गतिविधियों को लेकर मिली. खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस स्टेशन 36 में मामला दर्ज किया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 लोगों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में तरनतारन जिले के सरहाली गांव निवासी 19 वर्षीय लवप्रीत सिंह, देवबाथ गांव निवासी 21 वर्षीय जसनप्रीत सिंह उर्फ जसनदीप और अमृतसर जिले के तरसिक्का गांव निवासी 19 वर्षीय प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ शामिल हैं. आरोपियों के पास से करीब 5 किलो जिलेटिन स्टिक, एक डेटोनेटर, पावर सोर्स, रिमोट से चलने वाला सिस्टम, एक पिस्टल, एक मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं.
विदेशी हैंडलर के संपर्क में होने का दावा
पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपियों के संपर्क में विदेश में रहने वाला BKI से जुड़ा कथित हैंडलर सतनाम उर्फ सत्ता नौशेरा था. संदिग्धों ने उसके निर्देश पर काम किया और चंडीगढ़ में IED लगाने की योजना बनाई थी. हालांकि, इन आरोपों की जांच अभी जारी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटक और हथियार कहां से आए और इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. बरामद समान को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है. जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की भूमिका का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं.
